बड़हिया : स्थानीय जगदंबा हिंदी पुस्तकालय में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित हिंदी सप्ताह का समापन सोमवार को समारोहपूर्वक हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समापन समारोह का उद्घाटन किया.
समारोह का उद्घाटन भारत सरकार के पंचायती राज विभाग के सेवानिवृत्त सचिव सुनील कुमार, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, अनुमंडलाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, जीडी कॉलेज बेगूसराय की हिंदी व्याख्याता सह मुख्य वक्ता डॉ श्रवसुमी कुमारी और बीडीओ राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. अंजनी कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक घनश्याम कुमार ने किया. मंगलाचरण व शंखनाद राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा ने किया. शिव गुरु कंप्यूटर सेंटर बड़हिया की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया. रामप्रवेश कुमार ने स्वागत भाषण दिया.
भारत को एकता के सूत्र में बांधती है हिंदी : डॉ श्रवसुमी
मुख्य वक्ता डॉ श्रवसुमी कुमारी ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसमें विभिन्न भाषाओं को समाहित करने की क्षमता है. भारत को एकता के सूत्र में बांधने में हिंदी सक्षम है. हिंदी के उत्थान से ही देश का सर्वांगीण विकास संभव है.
उन्होंने कहा कि हिंदी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित किया जाए और इसे रोजगारपरक शिक्षा का माध्यम बनाया जाए, तो हिंदी के प्रति लोगों का आकर्षण और बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है और समाज को दिशा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है.
पुस्तकालय के विकास में सहयोग को तत्पर जिला प्रशासन
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि जगदंबा हिंदी पुस्तकालय की ओर से हिंदी सप्ताह का आयोजन सराहनीय पहल है. जिला प्रशासन पुस्तकालय के विकास के लिए हमेशा सहयोग करने को तत्पर है.
उन्होंने हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति लोगों में रुचि बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों के महत्व पर भी जोर दिया.
सफल प्रतिभागियों को मिला प्रमाण पत्र
हिंदी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों को समारोह के दौरान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा.
मौके पर पुस्तकालय अध्यक्ष शेखर कुमार, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, प्रतिभा चयन एकता मंच के उपाध्यक्ष डॉ रामप्रवेश सिंह, परीक्षा नियंत्रक श्रवण कुमार, शिव गुरु कंप्यूटर सेंटर के निदेशक उमाशंकर सिंह, राजा कुमार, राहुल कुमार सहित पुस्तकालय कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद थे.
