झपानी में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा को ले निकली भव्य कलश शोभायात्रा

क्षेत्र के झपानी गांव स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी

251 कन्याओं ने उठाया कलश, झांकियों से सजा भक्तिमय कारवां

मेदनीचौकी. क्षेत्र के झपानी गांव स्थित नवनिर्मित शिव मंदिर में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत शुक्रवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी. 251 कन्याओं ने सिर पर कलश उठाकर यात्रा में भाग लिया. घोड़े, आकर्षक झांकियों और डीजे की धुन के साथ निकली शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए. पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया. कलश शोभायात्रा मंदिर परिसर स्थित मंडप स्थल से शुरू हुई. यह यात्रा काली स्थान किरणपुर, दुर्गा स्थान और कामा मामा स्थान होते हुए एनएच-80 के रास्ते उच्च माध्यमिक विद्यालय खावा राजपुर पहुंची. इसके बाद किरणपुर ढाला से गुजरते हुए श्रद्धालु झपानी स्थित किऊल नदी घाट पहुंचे, जहां जल भरने की विधि संपन्न हुई.

वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भरा गया पवित्र जल

किऊल नदी घाट पर अयोध्या से पधारे कथावाचक राघव शरण जी महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश में पवित्र जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु पुनः शोभायात्रा के रूप में मंदिर परिसर स्थित मंडप स्थल लौटे, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गयी.

राम-लक्ष्मण और भोलेनाथ की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण और भोलेनाथ सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां निकाली गयी. घोड़ों के साथ निकली यह शोभायात्रा पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बनी रही. रास्ते भर ग्रामीणों ने श्रद्धा के साथ यात्रा का स्वागत किया. मौके पर पोसन सदा, बिहारी सदा, शंभू सुमन, सहिंद्र सदा, सूदन सदा, संतोष कुमार, विजय पंडित, दिवाना सदा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे.

सात दिवसीय मेला और संगीतमय रामकथा का आयोजन

कमेटी के सदस्य पंकज कुमार उर्फ राजो सिंह, टुनटुन साह एवं मुख्य यजमान मुकुल सदा ने बताया कि शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में 10 से 16 अप्रैल तक सात दिवसीय धार्मिक मेला लगाया गया है. मेले में तारा मांची, ब्रेक डांस, ड्रैगन झूला सहित बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और मीना बाजार की व्यवस्था की गयी है. साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन रात आठ बजे से अयोध्या के कथा व्यास राघव शरण जी महाराज द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है.

14 अप्रैल को होगी शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा

आयोजन समिति के अनुसार सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के बीच 14 अप्रैल को वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव के शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा की जायेगी. इस दिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >