कलश शोभायात्रा के साथ महारूद्र हनुमान महायज्ञ का भव्य आगाज

कलश शोभायात्रा के साथ महारूद्र हनुमान महायज्ञ का भव्य आगाज

551 कन्याओं ने किऊल नदी से भरा जल, मथुरा की रासलीला व डिज्नीलैंड मेला होगा मुख्य आकर्षण

सूर्यगढ़ा. माणिकपुर थाना क्षेत्र के गरीबनगर गांव में मंगलवार को श्रीश्री 1008 महारूद्र हनुमान महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ. 21 अप्रैल से एक मई 2026 तक चलने वाले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान के पहले दिन भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी, जिसमें पूरा क्षेत्र ”जय श्रीराम” व ”जय हनुमान” के नारों से गुंजायमान हो उठा. यज्ञ स्थल से शुरू हुई इस शोभायात्रा में 551 युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर पैदल मार्च किया. हाथों में केसरिया पताका लिए श्रद्धालु व आगे चलते घुड़सवारों ने यात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिये. यह यात्रा गरीबनगर, इमाननगर व पुराना सलेमपुर होते हुए सूर्यगढ़ा नगर परिषद के पटेलपुर स्थित किऊल नदी पुल घाट पहुंची. वहां बनारस से पधारे आचार्य आदित्य नारायण पांडेय व स्थानीय पंडित प्रेमचंद मिश्रा के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया. यज्ञ समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं. यज्ञ स्थल पर देवी-देवताओं की कुल 51 आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. पूरे परिसर को आधुनिक एलईडी लाइटों और भव्य तोरण द्वारों से सजाया गया है, जो शाम के समय आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं. महायज्ञ के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी. स्वामी रोहित जी के नेतृत्व में मथुरा से आए कलाकारों द्वारा रासलीला का मंचन किया जाएगा. बृजधाम मथुरा के प्रख्यात कथावाचकों द्वारा प्रतिदिन देवी-देवताओं की कथा सुनाई जाएगी. बच्चों व युवाओं के लिए डिज्नीलैंड प्रदर्शनी, मीना बाजार, मौत का कुआं (जलपरी मोटर), झूला और तारामाची जैसे आकर्षण मौजूद हैं. इस धार्मिक अनुष्ठान के शुभारंभ पर प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ उदय शंकर, गर्बी ग्रैंड पब्लिक स्कूल के निदेशक कुश राज, नगर परिषद पार्षद अमृत भाई पटेल, राज कपूर भाई पटेल व जदयू राज्य परिषद सदस्य प्रवीण कुमार सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया. यज्ञ को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >