बड़हिया : नगर परिषद बड़हिया के वार्ड संख्या 22, इंदुपुर निवासी एवं पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सह राजद नेता बतेंद्र सिंह का शनिवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही बड़हिया समेत आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गयी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कर परिजनों को सांत्वना दी.
जेपी आंदोलन से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर
बतेंद्र सिंह का राजनीतिक और सामाजिक जीवन काफी सक्रिय रहा. वे 1977 के जेपी आंदोलन से जुड़े थे और आंदोलन के दौरान क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी. इसके बाद लंबे समय तक बड़हिया की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे.
राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर में वे राजद से जुड़े, बाद में जदयू में भी शामिल हुए. उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभायी.
कई बड़े नेताओं से रहे मधुर संबंध
स्थानीय लोगों के अनुसार बतेंद्र सिंह क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं के करीबी रहे. बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, विजय कृष्ण और विशिष्ट सिंह समेत कई नेताओं के साथ उनके मधुर संबंध थे. सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रियता के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी हुई थी.
निधन की खबर से उमड़ी लोगों की भीड़
उनके निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे. लोगों ने उनके निधन को बड़हिया के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया.
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में अमित कुमार उर्फ रामजी, समाजसेवी कृष्ण मोहन सिंह, सचिता मुखिया, एसपी सिंह, अनुग्रह सिंह, सभापति प्रतिनिधि सुजीत कुमार, बुलबुल कुमार, पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, सभापति डेजी कुमारी, उपसभापति गौरव कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे.
सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक-संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की.
