सड़क पर अतिक्रमण हटाने की दिशा में हो रही खानापूर्ति

अतिक्रमण सूर्यगढ़ा बाजार के लोगों के लिए नासूर बनता जा रहा है. सड़क पर ही दुकानें सज रहे हैं. जिससे हर रोज जाम की समस्या हो रही है.

सूर्यगढ़ा. अतिक्रमण सूर्यगढ़ा बाजार के लोगों के लिए नासूर बनता जा रहा है. सड़क पर ही दुकानें सज रहे हैं. जिससे हर रोज जाम की समस्या हो रही है. सूर्यगढ़ा बाजार में अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है. इसे लेकर प्रशासन महज खानापूर्ति करता नजर आ रहा है.

प्रत्येक शनिवार को पदाधिकारी को अतिक्रमण हटाने का दिया गया है निर्देश

जिलाधिकारी द्वारा संबंधित थाना में अंचलाधिकारी को पुलिस की मदद से प्रत्येक शनिवार को स्थानीय बाजार में अभियान चलाकर मुख्य बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया गया है. बावजूद इसके स्थानीय प्रशासन द्वारा इस ओर प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है. स्थानीय पदाधिकारी महज खानापूर्ति करते नजर आ रहे हैं. प्रशासन द्वारा चलाये गये अभियान का सूर्यगढ़ा बाजार में फुटपाथ की दुकानदारों पर कोई असर नहीं दिख रहा है. फुटपाथ की दुकानदार प्रशासन के निर्देश को अनसुना कर रहे हैं. प्रशासन द्वारा भी सख्ती नहीं बरती जा रही है. जिससे आम दिनों की बात तो दूर शनिवार को जब पदाधिकारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए बाजार का विजिट करते हैं तब भी स्थिति नहीं बदल रही है.

सूर्यगढ़ा बाजार में प्रतिदिन लगता है जाम

सूर्यगढ़ा बाजार में जाम की समस्या अब आम दिनों की बात बनकर रह गयी है. प्रत्येक दिन सुबह से शाम तक जाम लगा रहता है. यहां सड़क पर ही दोनों ओर दुकान सजती है. जिससे मुख्य सड़क पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है. बड़े वाहनों को बाजार से होकर गुजरने में काफी समय लगता है.

बाइपास नहीं रहने से बढ़ी परेशानी

सूर्यगढ़ा बाजार में बाइपास की व्यवस्था नहीं रहने से परेशानी और अधिक बढ़ी हुई है. लखीसराय से मुंगेर या मुंगेर से लखीसराय की ओर जाने वाले वाहनों को सूर्यगढ़ा बाजार से होकर ही गुजरना पड़ता है. जिससे मुख्य बाजार में एनएच 80 पर ट्रैफिक लोड काफी अधिक है.

सड़क पर ही वाहन पड़ाव का होता है संचालन

नगर परिषद द्वारा सूर्यगढ़ा बाजार में न ही वाहन पड़ाव व्यवस्था की गयी है और न ही फुटपाथी बाजार के लिए अलग से कोई जगह उपलब्ध कराया गया है. यहां वाहन पड़ाव एवं सब्जी, मछली सहित अन्य फुटपाथी बाजार एनएच 80 पर ही संचालित हो रहा है. जिससे परेशानी काफी अधिक हो रही है.

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को सूर्यगढ़ा बाजार में अतिक्रमण हटाने का काम किया जा रहा है. दुकानदारों को मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने का निर्देश दिया गया है. निर्देश का पालन नहीं होने पर कार्रवाई होगी.

स्वतंत्र कुमार, अंचलाधिकारी

सूर्यगढ़ा बाजार में वाहन एवं सब्जी, मछली आदि फुटपाथी बाजार को मुख्य बाजार से बाहर शिफ्ट किया जाना है. इसे लेकर प्रक्रिया जा रही है.

रूपम देवी, मुख्य पार्षद, नगर परिषद सूर्यगढ़ा

तेतरहाट बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को दी चेतावनी

रामगढ़ चौक. जिला प्रशासन से प्राप्त निर्देश के आलोक में शनिवार को प्रखंड के तेतरहाट बाजार में अंचलाधिकारी रामगढ़ चौक निशांत कुमार एवं तेतरहाट थानाध्यक्ष मृत्युंजय पंडित के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाया गया. प्रशासन में खासकर फुटपाथ की दुकानदारों को सड़क से छह फीट हटकर अपनी दुकान लगाने की अपील की. थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला प्रशासन से प्राप्त निर्देश के आलोक में तेतरहाट बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने के लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने दुकानदारों से इसमें सहयोग की अपील की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >