माफिया ने ड्यूटी पर तैनात वनकर्मी को पीट-पीटकर किया अधमरा, रेफर
जिले के बन्नूबगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघौल गांव से बरमसिया जाने के रास्ते में रविवार को वन माफिया का दुस्साहस सामने आया है
बन्नूबगीचा के सिंघौल व बरमसिया के बीच की घटना
सूर्यगढ़ा/लखीसराय. जिले के बन्नूबगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघौल गांव से बरमसिया जाने के रास्ते में रविवार को वन माफिया का दुस्साहस सामने आया है. बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर तैनात वन विभाग के एक वनकर्मी पर माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया. घटना रविवार सुबह की बतायी गयी है. जानकारी के मुताबिक कुछ लोगों ने सिंघौल निवासी आनंदी पासवान के वनकर्मी पुत्र रोहित कुमार को बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और मौके से फरार हो गये. घटना की जानकारी राहगीरों ने घायल वनकर्मी के पिता को दी. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल वनकर्मी को ऑटो से सदर अस्पताल ले गये. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे पटना रेफर कर दिया. हालांकि बताया जा रहा है कि रेफर करने के बाद परिजन उसे लेकर जमुई स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज के लिए ले गये हैं. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है. वन विभाग के कर्मियों में भी दहशत व्याप्त है. बन्नू बगीचा थानाध्यक्ष संजीता कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार की सुबह जब वे शराब माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए निकली थी तभी घटना की सूचना मिली. पुलिस को घटना की जानकारी लेने भेजा गया तो घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय ले जाया गया था. कवैया थाना को इसकी जानकारी दी गयी, ताकि घायल का फर्द बयान लिया जा सके. हालांकि कवैया थाना की पुलिस जब बयान लेने पहुंची तो तत्काल वह बयान देने की स्थिति में नहीं था. बाद में घायल को पटना रेफर किये जाने की जानकारी प्राप्त हुई है. पुलिस के मुताबिक घायल का अभी जमुई में इलाज चल रहा है. मामले को लेकर आवेदन देने को कहा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.