बेमौसम बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, रबी फसलों पर संकट

प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अचानक बदले मौसम ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी

बड़हिया प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अचानक बदले मौसम ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी. किसानों का कहना है कि तेज हवा के साथ हुई बेमौसम बारिश ने खेतों में खड़ी और कटी हुई रबी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका को बढ़ा दिया है. खासकर गेहूं, चना और मसूर की फसल इस समय कटाई और थ्रेसिंग के दौर में है, ऐसे में बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है. स्थानीय किसानों ने बताया कि इस समय अधिकांश खेतों में फसल कटकर पड़ी हुई है, जबकि कई जगहों पर कटाई का काम जारी था. अचानक आई तेज हवा और बारिश के कारण कई खेतों में रबी की फसल गिर गयी, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है. वहीं, कटी हुई फसल के भीगने से दाने काले पड़ने और बाजार में उचित मूल्य नहीं मिलने की चिंता किसानों को सता रही है. मौसम विभाग ने दो दिन पहले ही बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था, जो शुक्रवार को सच साबित हुआ. शाम के समय शुरू हुई बारिश ने धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ ली, जिससे खेतों में काम पूरी तरह ठप हो गया. कटाई और थ्रेसिंग का कार्य बंद हो गया है, वहीं बाहर से आए मजदूरों को भी काम नहीं मिलने के कारण खाली बैठना पड़ रहा है. वहीं शुक्रवार की शाम से शुरु हुआ बारिश दौरान शनिवार की दोपहर तक भी रूक-रूक कर जारी रहा. जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ गयी. किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो रबी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है. इससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ेगा और कर्ज की किश्त चुकाना भी मुश्किल हो जायेगा. इस प्राकृतिक आपदा के सामने किसान खुद को लाचार महसूस कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >