Lakhisarai Crime News : लखीसराय जिले के NH-80 स्थित सूर्यगढ़ा रोड पर दिनदहाड़े ई-रिक्शा चोरी की घटना सामने आई है. गढ़ी विशनपुर चौक पर बिहार ग्रामीण बैंक के पास खड़ा ई-रिक्शा अज्ञात चोर लेकर फरार हो गए. पीड़ित किसान ने टाउन थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.
बैंक के पास खड़ा था ई-रिक्शा
जानकारी के अनुसार, गढ़ी विशनपुर गांव निवासी सहदेव यादव शुक्रवार सुबह अपने ई-रिक्शा से खेत में उगी सब्जियां मंडी ले जाने की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने गढ़ी विशनपुर चौक स्थित बिहार ग्रामीण बैंक के समीप सड़क किनारे ई-रिक्शा खड़ा किया और खेत से सब्जी लाने चले गए.
लौटे तो गायब मिला वाहन
सहदेव यादव ने बताया कि उनका पुत्र खेत से सब्जी तोड़कर लाने गया था. कुछ देर बाद जब वे दोनों वापस सड़क पर पहुंचे तो वहां खड़ा ई-रिक्शा गायब था. पहले आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने टाउन थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई.
रोजी-रोटी का है मुख्य साधन
पीड़ित ने बताया कि वह एक दिन छोड़कर अपने खेत की ताजी सब्जियां ई-रिक्शा से मंडी में बेचने जाते हैं. ई-रिक्शा ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है. वाहन चोरी होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
टाउन थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
बढ़ रही चोरी की घटनाओं से चिंता
दिनदहाड़े बैंक के समीप ई-रिक्शा चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं. उन्होंने पुलिस से शीघ्र वाहन बरामद करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है.
