लखीसराय. रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते के मुख्य द्वार पर ही ई-रिक्शा चालक मनमाने ढंग से अपने ई-रिक्शा खड़े कर रास्ता अवरुद्ध कर देते हैं, जिससे यात्रियों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. शहर के बीचों-बीच स्थित लखीसराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए शेखपुरा एवं जमुई जिले के लोग भी पहुंचते हैं.
रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर लगाते हैं वाहन
लखीसराय के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से भी यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचते हैं. रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर ही ई-रिक्शा चालक मनमाने ढंग से वाहन खड़ा कर देते हैं, जिससे लोगों को परेशानी होती है. स्टेशन के सामने यातायात पुलिस चौकी भी स्थित है. यातायात पुलिस द्वारा लाख चेतावनी एवं डांट-फटकार के बाद भी ई-रिक्शा चालक अपनी आदत नहीं छोड़ रहे हैं.
अभियान चलाकर की जाती है कार्रवाई : एमवीआई
एमवीआई प्रतीक कुमार ने बताया कि कई बार अभियान चलाकर ई-रिक्शा चालकों से जुर्माना भी वसूला गया, साथ ही कड़ी चेतावनी भी दी गई. कई बार ई-रिक्शा जब्त भी किए गए हैं. उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ फिर से अभियान चलाया जाएगा.
