ऐतिहासिक धरोहरों का होगा दस्तावेजीकरण

डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आंबेडकर सभा भवन में “ज्ञान भारतम् परियोजना” के तहत बैठक की गयी

सूर्यगढ़ा. डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित आंबेडकर सभा भवन में “ज्ञान भारतम् परियोजना” के तहत बैठक की गयी. इसमें डीडीसी सुमित कुमार, अंचलाधिकारी स्वतंत्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सूर्यगढ़ा राकेश कुमार सोहित, बीईओ कुमारी परिणीता, बीपीआरओ मुकेश कुमार के अलावा प्रखंड के मुखिया, जनप्रतिनिधि, पंचायत सचिव, नगर परिषद सूर्यगढ़ा के वार्ड पार्षद शामिल हुए. डीएम ने कहा कि प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में मौजूद प्राचीन मंदिर, मठ, मस्जिद, शिवालय, तालाब, धर्मशाला, ताम्रपत्र, पांडुलिपियां व हस्तलिखित दस्तावेज जिले की समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं. इन सभी धरोहरों की पंचायतवार सूची तैयार कर उनकी फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के माध्यम से दस्तावेजीकरण किया जायेगा. संकलित सामग्री को पुस्तक के रूप में प्रकाशित कर भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित किया जायेगा. बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की धार्मिक ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी साझा की. डीएम ने स्पष्ट किया कि जन प्रतिनिधि इस संदर्भ में प्रामाणिक जानकारी शीघ्र उपलब्ध करायें, ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके. उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. उरैन में बौद्ध कालीन मूर्तियां व बौद्ध कॉलोनी इतिहास से जुड़े साक्ष्य मिलने की जानकारी दी गयी. जनप्रतिनिधियों ने गांव में प्रमुख मंदिरों एवं अन्य ऐतिहासिक अवशेषों की जानकारी साझा की. इसके अलावा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों से इसके प्रचार-प्रसार की अपील की गयी. साथ ही प्रत्येक पंचायत में खेल क्लब गठन कर युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया. मौके पर उपमुख्य पार्षद बालेश्वर सिंह, जदयू नेता अधिवक्ता जनार्दन प्रसाद मेहता, वार्ड पार्षद रौशन कुमार झा उर्फ सुग्गा झा, अमृत भाई पटेल, अमलेश कुमार, किरणपुर पंचायत के मुखिया शैलेंद्र कुमार, रामपुर पंचायत के मुखिया सुधांशु कुमार, उप प्रमुख निलेश कुमार, मदनपुर पंचायत के मुखिया उमेश मंडल के अलावा दर्जनों जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev murarai sinha sinha

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >