Encroachment Removal : शहर में बढ़ती अतिक्रमण की समस्या और इससे लगातार लग रहे जाम को देखते हुए अब नगर परिषद ने भी कार्रवाई की पहल तेज कर दी है. डीएम शैलेंद्र कुमार के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रभात रंजन ने अतिक्रमण हटाने के लिए एसपी एवं एसडीपीओ को पत्र भेजकर पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है.
20 दिन पहले डीएम ने लिखा था पत्र
बताया गया कि करीब 20 दिन पूर्व डीएम शैलेंद्र कुमार ने भी शहर से अतिक्रमण हटाने को लेकर एसपी को पत्र लिखा था. लेकिन पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण नगर परिषद की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं कर सकी. अब कार्यपालक पदाधिकारी ने इस मामले में फिर पहल करते हुए पुलिस प्रशासन से सहयोग मांगा है.
नई बाजार से विद्यापीठ चौक तक हटेगा अतिक्रमण
नगर परिषद की ओर से भेजे गये पत्र में नई बाजार, पुरानी बाजार समेत विद्यापीठ चौक तक अतिक्रमण हटाने की बात कही गयी है. पत्र में कहा गया है कि पुलिस बल के अभाव में अतिक्रमण हटाने का कार्य प्रभावित हो रहा है. नगर परिषद की ओर से कार्रवाई के लिए कर्मियों की दो टीमें भी गठित कर दी गयी हैं, लेकिन पुलिस बल मिलने के बाद ही अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जा सकेगा.
बाईपास पुल बंद होने से बढ़ा वाहनों का दबाव
बाईपास पुल बंद होने के बाद शहर के अंदर से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गयी है. दूसरी ओर प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गयी है. इससे प्रतिदिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है. लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है. नगर परिषद का मानना है कि अतिक्रमण हटाये बिना शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू करना मुश्किल होगा.
सावन मेला के बाद मिलेगा पुलिस बल
इस संबंध में एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि फिलहाल सावन मेला को लेकर पुलिस बल की भारी आवश्यकता है. इसी वजह से नगर परिषद को अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सावन मेला समाप्त होने के बाद पुलिस बल उपलब्ध करा दिया जायेगा, जिसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा सकेगी.
