आठ वर्षों से अधूरी सड़क को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मांग, डीएम को सौंपा आवेदन
क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर लोजपा (रामविलास) आइटी सेल के जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार हिमांशु ने डीएम को आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है
क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर लोजपा (रामविलास) आइटी सेल के जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार हिमांशु ने डीएम को आवेदन देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि कजरा क्षेत्र के नरोत्तमपुर होते हुए सहमालपुर और कजरा-अभयपुर मुख्य सड़क को जोड़ने वाली संपर्क सड़क पिछले करीब आठ वर्षों से अधूरी पड़ी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आवेदन के अनुसार सड़क की कुल लंबाई लगभग 2.20 किलोमीटर है, लेकिन मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले करीब 50 मीटर हिस्से का निर्माण नहीं होने के कारण पूरी सड़क का लाभ आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि इस अधूरे हिस्से के कारण लाखों रुपये की लागत से बनी सड़क और हाल के वर्षों में करायी गयी मरम्मत भी बेकार साबित हो रही है. हेमंत कुमार हिमांशु ने बताया कि इसी मार्ग से सटी एक अन्य सड़क का निर्माण पूर्व में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत कराया गया था, लेकिन वह भी कुछ दूरी तक अधूरी रह गयी. परिणामस्वरूप क्षेत्र के लोगों को आज भी आवागमन के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. आवेदन में जिला प्रशासन से सड़क की जांच कराकर शेष बचे हिस्से का निर्माण कराने व इसे मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग की गयी है. ग्रामीणों ने उम्मीद जतायी है कि प्रशासन इस जनसमस्या पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान सुनिश्चित करेगा.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.