हलसी (लखीसराय) : स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत शनिवार को प्रखंड के हलसी-तरहारी चौक के समीप पंचायत राज हलसी-तरहारी अंतर्गत चिह्नित सीटीयू (कम्युनिटी टॉयलेट यूनिट) स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने खुद झाड़ू उठाकर स्थल की साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया.
आसपास जमा कचरे और गंदगी को हटाकर स्थल की सफाई की गयी. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया.
अधिकारियों ने खुद उठायी झाड़ू
अभियान में डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला समन्वयक मो. अफजल हुसैन, एसआरपी भरदील ओझा, प्रखंड समन्वयक रागिनी कुमारी, पंचायत समन्वयक वरुण कुमार और मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल हुए.
अधिकारियों ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. मौके पर सार्वजनिक स्थल की साफ-सफाई बनाए रखने और कचरा नहीं फैलाने की अपील भी की गयी.
स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी : डीआरडीए निदेशक
डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है. अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी व्यवहार परिवर्तन लाना है.
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर गांव के निर्माण के लिए ग्रामीणों को भी आगे आना होगा और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी होगी.
2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, होगा पौधारोपण
डीआरडीए निदेशक ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिले में चिह्नित सीटीयू स्थलों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जायेंगी.
इस दौरान सीटीयू स्थलों पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधारोपण भी किया जायेगा. इसके जरिए स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की तैयारी है.
पंचायतों और वार्डों में सीटीयू स्थलों को चिह्नित करने का काम जारी है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
