शेर के मुख से प्रवेश व गोवर्धन पर्वत के दर्शन से पंडाल में उमड़ा सैलाब

शेर के मुख से प्रवेश व गोवर्धन पर्वत के दर्शन से पंडाल में उमड़ा सैलाब

लखीसराय. विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना को लेकर शनिवार को पूरा जिला भक्ति के रस में डूबा रहा. जिले के लगभग सभी पंडालों व शिक्षण संस्थानों में प्रतिमाएं स्थापित की गयी, जहां सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा. हालांकि कुछ जगहों पर प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है, लेकिन प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार रविवार को मुख्य रूप से विसर्जन संपन्न कराया जाना है.

आकर्षण का केंद्र बना रवि रश्मि परिषद का पंडाल

इस वर्ष भी शहर में किऊल धर्मशाला के समीप रवि रश्मि परिषद द्वारा निर्मित पंडाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. अपनी रचनात्मकता और भव्यता के कारण यह पंडाल आकर्षण का केंद्र है. संस्था के राकेश कुमार ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को एक अनूठा अनुभव देने का प्रयास किया गया है.

भुलभुलैया व सेल्फी प्वाइंट का रोमांच

पंडाल की विशेषताओं के बारे में जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालु शेर के विशाल मुख वाले द्वार से पंडाल के भीतर प्रवेश कर रहे हैं. प्रवेश द्वार के समीप ही स्थापित भव्य शिवलिंग के दर्शन कर लोग भाव-विभोर हो रहे हैं. पंडाल के भीतर 15 फीट की ऊंचाई पर बना एक राक्षस का चेहरा युवाओं के लिए पसंदीदा सेल्फी प्वाइंट बना हुआ है. श्रद्धालु भुलभुलैया के रास्ते होते हुए गोवर्धन पर्वत की प्रतिकृति तक पहुंच रहे हैं, जहां से एक गुफा के रास्ते मुख्य हॉल में पहुंचकर मां सरस्वती के दर्शन हो रहे हैं.

पूर्व विधायक ने किया सम्मानित

पंडाल की भव्यता व बेहतर प्रबंधन को देखते हुए शुक्रवार की देर शाम पूर्व विधायक प्रह्लाद यादव ने संस्था के सदस्यों को शील्ड देकर सम्मानित किया. मौके पर रवि रश्मि परिषद के अध्यक्ष सचिन कुमार, उपाध्यक्ष विशाल कुमार, सचिव बिट्टू कुमार, उप सचिव विष्णु कुमार, पीयूष कुमार व महासचिव सोनू यादव सहित संटी, गौरव, राम व प्रीतम आदि सक्रिय सदस्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >