आग से दुल्हन का सारा सामान खाक, मुआवजे की मांग

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 में शुक्रवार सुबह एक गरीब परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गयी

बड़हिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 में शुक्रवार सुबह की घटना

बड़हिया

नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 15 में शुक्रवार सुबह एक गरीब परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गयी. वार्ड निवासी विजय साव के घर आग लगने से उनकी बेटी की शादी के लिए जुटाया गया सारा सामान जलकर राख हो गया. 25 फरवरी को निर्धारित शादी से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले को स्तब्ध कर दिया है. परिवार के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट या दीये की चिंगारी से लगी हो सकती है. देखते ही देखते कमरे में रखे लहंगा, साड़ी, कपड़े, लगेज, कुर्सी-टेबल सहित अन्य घरेलू सामान जल गये. मोहल्ले के लोगों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया, हालांकि तब तक शादी का अधिकांश सामान स्वाहा हो चुका था. पीड़ित विजय साव ठेला पर समोसा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. पांच बेटियों में दो की शादी हो चुकी है, जबकि तीन की शादी बाकी है. बेटी की शादी के लिए एक-एक रुपये जोड़कर खरीदे गये सामान के जलने से परिवार गहरे सदमे में है. दुल्हन बनी बेटी की आंखों में आंसू और परिवार की बेबसी ने मौके पर मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रौशन कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षति का निरीक्षण किया और अंचलाधिकारी को मुआवजे के लिए आवेदन भेजने की प्रक्रिया शुरू करायी. उन्होंने कहा कि परिवार को उचित सरकारी सहायता मिलनी चाहिए. स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है. मोहल्ले वासियों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने और समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग की मांग की है, ताकि तय तिथि पर बेटी की शादी सम्मान पूर्वक संपन्न हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >