रामगढ़ चौक. प्रखंड अंतर्गत बीआरसी भवन में रामगढ़ चौक प्रखंड के प्राथमिक नवसृजित मध्य उत्क्रमित एवं उच्च विद्यालय कुल 76 विद्यालयों के प्रधानाध्यापक के साथ बैठक हुई. बैठक में रामगढ़ चौक प्रखंड के एक वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के कुल 52 हजार बच्चों के बीच एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाने का लक्ष्य रखा गया. जिसको लेकर सभी प्रधानाध्यापक को जहां एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया, वहीं विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति के अनुसार एल्बेंडाजोल की गोली का भी वितरण किया गया. मौके पर चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारी डॉ कंचन, प्रबंधक अरुण कुमार, बीसीएम माला एवं सभी प्रधानाध्यापक उपस्थित थे. सभी को जानकारी दी गयी कि आगामी चार मार्च को सभी विद्यालय में बच्चों को अपने सामने खाना खाने के बाद एल्बेंडाजोल की एक-एक गोलियां खिलानी है. चार मार्च को खिलाने के उपरांत जो बच्चे गोली खाने से वंचित रह जायेंगे उनको अगले सात मार्च को गोली खिलाने का निर्देश दिया गया. डॉ कंचन ने बताया कि बच्चों को साल में एक बार एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाने से पेट के हानिकारक कीड़े मर जाते हैं, जिससे बच्चा स्वस्थ रहता है. इसलिए सरकार की ओर से एक मुश्त सभी बच्चों के बीच गोली का वितरण कर खिलाने का प्रावधान रखा गया है. जिसको लेकर बीआरसी हाल में सभी प्रधानाध्यापक को प्रशिक्षण दिया गया एवं अपने सामने में गोली को चबा-चबाकर खिलौने का निर्देश दिया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
