लखीसराय में 50% खेतों में गिरा धान का बिचड़ा, समय पर मानसून से किसानों में बढ़ी उम्मीद

Lakhisarai Paddy Farming: पिछले साल बाढ़ से बर्बाद हुई थी धान की फसल, इस बार समय पर बारिश और बेहतर मौसम से दोगुनी पैदावार की उम्मीद

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट

Lakhisarai Paddy Farming: लखीसराय जिले में खरीफ खेती ने रफ्तार पकड़ ली है. अब तक जिले के करीब 50 प्रतिशत खेतों में धान का बिचड़ा गिराया जा चुका है. पिछले दो दिनों से हो रही बारिश और समय पर पहुंचे मानसून से किसानों का उत्साह बढ़ा है. कृषि विभाग का मानना है कि यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष धान की उपज पिछले साल की तुलना में काफी बेहतर होगी.

43 हजार हेक्टेयर में होगी धान की रोपनी

जिले में कुल 43 हजार हेक्टेयर भूमि में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके लिए लगभग 4300 हेक्टेयर क्षेत्र में धान का बिचड़ा तैयार किया जाना है. कृषि विभाग के अनुसार अब तक करीब 50 प्रतिशत क्षेत्र में बिचड़ा गिराया जा चुका है. किसान बोरिंग और अन्य सिंचाई साधनों से खेतों की पटवन कर तेजी से बिचड़ा तैयार करने में जुटे हैं.

आर्द्रा नक्षत्र में तेज हुई खेती की रफ्तार

किसानों का कहना है कि आर्द्रा नक्षत्र धान का बिचड़ा गिराने के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है. इसी कारण जिले के अधिकांश किसान इस अवधि में खेती का कार्य तेजी से कर रहे हैं. हाल की बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद कृषि कार्य और तेज हो गया है.

अनुदानित बीज का इंतजार, पुराने प्रमाणित बीज का कर रहे उपयोग

हालांकि कृषि विभाग की ओर से अभी तक किसानों को अनुदानित दर पर धान का बीज उपलब्ध नहीं कराया गया है, लेकिन अधिकांश किसानों ने पिछले वर्ष का प्रमाणित बीज सुरक्षित रखा था. किसान उसी बीज का उपयोग कर बिचड़ा तैयार कर रहे हैं. विभाग ने जल्द ही अनुदानित बीज उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है.

इस बार बेहतर उत्पादन की उम्मीद

वर्ष 2025 में दो बार आई बाढ़ के कारण जिले में धान की फसल को भारी नुकसान हुआ था. इस बार मानसून समय पर पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने भी बेमौसम बारिश की संभावना कम जताई है. ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि इस वर्ष धान की पैदावार पिछले साल की तुलना में दोगुनी हो सकती है.

बोले अधिकारी

Lakhisarai Paddy Farming: जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि फिलहाल किसानों को अनुदानित दर पर मक्का का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर धान का बीज भी उपलब्ध करा दिया जाएगा. अब तक करीब 50 प्रतिशत क्षेत्र में बिचड़ा गिराया जा चुका है और 15 जुलाई तक शेष बिचड़ा भी गिरा दिया जाएगा.

ALSO READ: लखीसराय में प्रशासनिक फेरबदल, प्रखंड-अंचल स्तर के कई अधिकारियों का तबादला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pintu Pranav

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >