LAKHISARI नये सत्र की शानदार शुरुआत: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में नव नामांकित बच्चों का भव्य स्वागत
सदर प्रखंड के खगौर गांव में किऊल नदी तट पर बने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के नए व अपने भवन में गुरुवार को नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई.
लखीसराय से अजीत कुमार की रिपोर्ट LAKHISARI NEWS :
सदर प्रखंड के खगौर गांव में किऊल नदी तट पर बने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के नए व अपने भवन में गुरुवार को नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत उत्साह और उमंग के साथ हुई. विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक के नव नामांकित बच्चों का भव्य स्वागत किया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बच्चों और उनके अभिभावकों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया.
बैंड बजाकर बच्चों का किया गया स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य हरि सिंह मीणा द्वारा बैंड बजाकर बच्चों के स्वागत से हुई. उन्होंने अपने संबोधन में सभी नए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत खेल-खेल में सीखना प्राथमिक शिक्षा का मुख्य आधार है, जिससे बच्चों का मानसिक और रचनात्मक विकास बेहतर तरीके से होता है.
रंगोली और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट से सजा था विद्यालय परिसर
विद्यालय परिसर को रंगोली और आकर्षक सेल्फी प्वाइंट से सजाया गया था, जिसने बच्चों और अभिभावकों को खासा आकर्षित किया. इस दौरान नन्हें बच्चों के चेहरों पर खुशी और विद्यालय के प्रति अपनापन साफ झलक रहा था. कार्यक्रम का संचालन प्रभारी मुख्य अध्यापक मिहिर कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक कन्हैया कुमार और रामदेव कुमार सहित सभी प्राथमिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. अंत में प्राचार्य ने अभिभावकों को बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.