घोसैठ प्लस टू उच्च विद्यालय में लगी भीषण आग, दमकल से पाया काबू
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय घोसैठ में गुरुवार की देर शाम विद्यालय के एक वर्ग कक्ष में अचानक आग लग गयी
पीरीबाजार
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय घोसैठ में गुरुवार की देर शाम विद्यालय के एक वर्ग कक्ष में अचानक आग लग गयी. गनीमत यह रही कि समय रहते सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गयी और एक बड़ा हादसा टल गया.
देर शाम अचानक उठीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम जब स्कूल बंद था, तभी स्थानीय लोगों ने विद्यालय के एक कमरे से धुआं व आग की लपटें उठती देखीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी. दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा सूचना मिलते ही पीरीबाजार थाना पुलिस और दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची. अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. समय पर हुई इस कार्रवाई के कारण आग विद्यालय के अन्य कमरों तक नहीं फैल सकी, जिससे भारी नुकसान होने से बच गया.
बोले थानाध्यक्ष
मामले की पुष्टि करते हुए पीरीबाजार थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने बताया कि गुरुवार देर शाम घोसैठ उच्च विद्यालय के एक वर्ग कक्ष में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना पाकर तुरंत दमकल की गाड़ी को मौके पर भेजा गया, फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है.