मेदनीचौकी : मंगलवार को मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के मेदनीचौकी बाजार स्थित सोनू ज्वेलर्स के मालिक सोनू कुमार को पांच सौ ग्राम चांदी के आभूषण व 30 ग्राम स्वर्णाभूषण के साथ गिरफ्तार कर बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया. इस संबंध में सोनू कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसके अनुसार कुख्यात चोर मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के बसगढ़ा बिंद टोली निवासी कपिलदेव महतो के पुत्र किशोर कुमार द्वारा उक्त दुकान में चोरी के आभूषण बेचे जा रहे थे.
इस बीच पुलिस आ धमकी. किशोर कुमार वहां से भाग खड़ा हुआ. पुलिस द्वारा उसे खदेड़कर पकड़ने का प्रयास किया गया किंतु वह स्थानीय नदी में कूद कर नदी के उस पार दियारा भाग गया. थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि किशोर कुमार दर्जनों चोरी के मामलों के अभियुक्त हैं. उन्हें कई बार गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. उसकी गिरफ्तारी को लेकर लगातार छापेमारी की जा रही है. उसके गिरफ्तार होने से कई कांडों के खुलासा होने की संभावना है.
