कदाचार कराने के आरोप में चार छात्र िनष्कासित
लखीसराय : जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर चल रही मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में कदाचार करते एक परीक्षार्थी पकड़ा गया. जबकि द्वितीय पाली में कदाचार करते तीन विद्यार्थी के साथ-साथ दो फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़े गये.
डीइओ त्रिलोकी सिंह से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान बालिका विद्यापीठ परीक्षा केंद्र के निचली तल से एक परीक्षार्थी को कदाचार के आरोप में निष्कासित किया गया है. जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान बालिका विद्यापीठ मध्य तल परीक्षा केंद्र से सुशांश सुमित के बदले परीक्षा दे रहे फर्जी परीक्षार्थी लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के खुटहा ग्राम के संजय कुमार सिंह के पुत्र अमन कुमार व महिला विद्या मंदिर उवि परीक्षा केंद्र पर मिथुन कुमार के स्थान पर परीक्षा देते फर्जी परीक्षार्थी मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठौतिया ग्रामवासी डॉ अजय यादव के पुत्र सुबोध कुमार को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया है. जबकि द्वितीय पाली में भी कदाचार करने के आरोप में तीन परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित किया गया है. डीइओ के अनुसार दोनों पालियों में संभावित कुल 23393 परीक्षार्थियों में 353 परीक्षार्थी परीक्षा में भाग नहीं लिये. प्रथम पाली में 187 तो द्वितीय पाली में 166 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे. वहीं गुरुवार को मैट्रिक परीक्षा को लेकर पहुंचे अभिभावकों की हुई धरपकड़ जिसमें 24 अभिभावकों को पकड़ा गया. इसके उपरांत शुक्रवार को इसका साफ असर दिखा.
पदाधिकारी करते रहे गश्ती : मैट्रिक परीक्षा के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर जिलाधिकारी सुनील कुमार, एसडीओ डॉ शैलजा शर्मा, एसडीपीओ पंकज कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी मंजु प्रसाद, डीसीएलआर अर्चना कुमारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार, शिक्षा विभाग के डीपीओ नरेंद्र कुमार, विजय मिश्रा आदि गश्त लगा रहे थे.
