लखीसराय : समाहरणालय परिसर स्थित गांधी मैदान में शनिवार को होमगार्ड बहाली को लेकर लखीसराय सदर प्रखंड के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों में मात्र 486 ने इस परीक्षा में भाग लिया. इसमें 109 अभ्यर्थी सफल रहे. इस दौरान दूसरे के बदले भाग लेने वाले सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
होमगार्ड बहाली के…
कोई पैसा के बदले तो कोई अपने भाई के बदले दक्षता परीक्षा में भाग लेने आया था. इसमें सदर प्रखंड के गढ़ी विशनपुर ग्रामवासी भगवान यादव के पुत्र ब्रजेश कुमार के जगह चानन के रामशीर निवासी मनीष कुमार दौड़ मे शामिल हुआ. इसी तरह झिनौरा के उचित यादव के पुत्र मनोज कुमार के जगह इसका भाई, झिनौरा के ही रामदेव प्रसाद के पुत्र सुधाकर कुमार के जगह चंपा नगर सुल्तानगंज के मणिलाल सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार सिंह दौड़ मे शामिल हुआ था.
झिनौरा के ही शंकर प्रसाद यादव के पुत्र धीरेंद्र कुमार के जगह माधोडीह सुल्तानगंज के मणिलाल दास के पुत्र उदय कुमार, रजौना चौकी बालगुदर के गजानंद साव के पुत्र पवन कुमार के बदले उसका भाई सुमन कुमार, दामोदर पुर ग्रामवासी रामदास यादव के पुत्र मनोज कुमार के जगह इसका भाई शंकु कुमार दौड़ में भाग ले रहा था. जबकि चमघरा के दासी यादव के पुत्र फूलो कुमार का हस्ताक्षर आवेदन से मेल नहीं कर रहा था. इसने बाहर रहने के कारण भाई द्वारा हस्ताक्षर कर देने की बात कही है. डीएम सुनील कुमार ने इन सातों को पुलिस हिरासत में जेल भेजने का निर्देश दिया है.
रविवार की परीक्षा स्थगित
चानन प्रखंड के ग्रामीण कुल 1522 अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच व दक्षता परीक्षा रविवार होने के कारण स्थगित कर दी गयी है. डीएम सुनील कुमार के अनुसार अब चानन प्रखंड ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों की परीक्षा नौ फरवरी को ली जायेगी. रविवार की परीक्षा स्थगित होने के बाद सोमवार को होमगार्ड बहाली की दक्षता परीक्षा में सूर्यगढ़ा भाग एक के कुल 1600 अभ्यर्थियों की परीक्षा ली जायेगी.
भगदड़ में एक जख्मी
होमगार्ड बहाली को लेकर सदर अस्पताल परिसर के दीवार पर जुटे लोगों की भीड़ को हटाने को लेकर हो रहे पुलिसिया कार्रवाई के दौरान मचे भगदड़ में झिनौरा गांव के एक वृद्ध के घायल होने का समाचार है. जिसे आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया. होमगार्ड बहाली को लेकर शनिवार को भी जिला प्रशासन के सभी आलाधिकारी गांधी मैदान में जुटे हुए थे. जिसमें जिलाधिकारी सुनील कुमार, एसपी अशोक कुमार, अभियान एएसपी पवन उपाध्याय,एडीएम किशोरी चौधरी, एसडीपीओ पंकज कुमार, होमगार्ड समादेष्टा आमिर इसरार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
1552 अभ्यर्थियों में मात्र 486 ने लिया दौड़ में भाग
शारीरिक जांच व दक्षता परीक्षा में 109 रहे सफल
रविवार की दौड़ कैंसिल, अब नौ फरवरी को होगी दौड़
