दो पक्षों में मारपीट, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
दो पक्षों में मारपीट, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
घायल की पत्नी व ग्रामीणों ने समय रहते शांत कराया विवाद, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
हलसी. क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की देर रात दो पक्षों के बीच कहासुनी के दौरान मारपीट का मामला सामने आया. घायल गेरुआ पुरसंडा गांव निवासी सौदागर मांझी के 43 वर्षीय पुत्र चुनचुन मांझी हैं. घायल चुनचुन मांझी ने बताया कि शनिवार की देर रात करीब नौ बजे उनके घर में घुसकर गेरुआ पुरसंडा निवासी रघुनाथ यादव के पुत्र नीतीश कुमार, रामप्रीत यादव के पुत्र सुबोध कुमार, रामाशीष यादव के पुत्र अंकित कुमार उर्फ निखो यादव, स्व राम भज्जू यादव के पुत्र रविंद्र यादव उर्फ छोटेलाल यादव, रूपा मांझी के पुत्र साइकिल मांझी व बुद्धन मांझी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडा व धारदार हथियार से मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान चुनचुन मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के समय उनकी पत्नी व घर में हल्ला सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मामला शांत कराया. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी नीतीश कुमार के परिवार ने मारपीट व घर तोड़फोड़ की थी. उनके सिर में रॉड से चोट पहुंचायी थी, जिसके आधार पर अनुसूचित-जनजाति थाना लखीसराय में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. उक्त कांड संख्या 21/25 है. चुनचुन मांझी ने बताया कि उस समय सरकार द्वारा सहायता के रूप में मिली पहली किस्त 50 हजार रुपये में से तीन हजार रुपये भी छीन लिये गए थे. इस मामले में रविवार को हलसी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने हेतु चुनचुन मांझी ने आवेदन दिया. हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.