धान खरीद की धीमी गति पर भाजपा में आक्रोश
लखीसराय : शहर के केआरके उच्च विद्यालय के खेल मैदान में नवनिर्मित पुस्तकालय प्रशाल में गुरुवार को नगर भाजपा कार्यसमिति की बैठक नगर भाजपा अध्यक्ष अमरजीत प्रजापति की अध्यक्षता में हुई. पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रो देवानंद साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता, भाजपा नेता विपिन सिंह के समक्ष जिले में धान खरीद में बरती जा रही लापरवाही पर चिंता व्यक्त की गयी. इसके अतिरिक्त अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई.
पार्टी द्वारा लिये गये निर्णय के अनुसार नौ फरवरी को प्रखंड कार्यालय के समक्ष इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया जायेगा. इसके अतिरिक्त नगर कमेटी के विस्तार पर हुई चर्चा में अतिशीघ्र वार्ड अध्यक्षों के साथ वार्ड संगठन की मजबूती के लिए एहतियाती कदम उठाये जायेंगे. इसमें संगठन का पुर्नगठन भी होगा. आम बजट की प्रशंसा करते हुए वक्ताओं ने गरीब गुरबों ,किसान, महिलाओं व मध्यमवर्गीय लोगों के लिए इसे लाभकारी बजट बताया.
सभी लोगों ने नौ फरवरी को निर्धारित धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता पर बल दिया. बैठक में भाजयुमो के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, भाजपा नेता अशोक मोदी, विकास कुमार, धर्मेंद्र कुमार साह, ओम प्रकाश आर्य, किरणदेव सिंह, संजय राम, भवेश पंडित, हरिओम, मुन्ना प्रसाद, मुकुल सिंह, परमानंद केशरी, रमेश साव, डॉ कृष्णनंदन सिंह, आजाद, संजय पंडित, आशीष कुमार, कैलाश दास, विभीषण केवट , मकेशर शर्मा आदि शामिल थे.
