एसपी की अध्यक्षता में हुई क्राइम मीटिंग में एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, एएसपी अभियान व सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में बालू की अवैध खुदाई पर रोक को लेकर अलग-अलग टीम बनायी गयी है. प्रत्येक टीम सप्ताह में दो दिन अभियान चलायेगी.
लखीसराय : शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के समस्त पुलिस पदाधिकारियों व थानाध्यक्षों के साथ एसपी अशोक कुमार ने अपराध गोष्ठी आयोजित की. इस दौरान एसपी ने जिले के किऊल नदी से अवैध रूप से बालू उढ़ाही पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि सभी थानाध्यक्ष इस दिशा में कठोर कदम उठायें व बालू माफियाओं पर लगाम कसें. इसके साथ ही एसपी ने एसडीपीओ, एएसपी अभियान, मुख्यालय डीएसपी व सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में बालू माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाने के लिए टीम गठित किया़
प्रत्येक पदाधिकारी सप्ताह में दो दिन टीम का नेतृत्व करेंगे. इसके साथ ही एसपी ने एस ड्राइव के दौरान वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए भी उपरोक्त
पदाधिकारियों को दो-दो थानों का सुपरविजन करने की बात कही़ वहीं एसपी ने कहा कि 21 जनवरी को मानव श्रृंखला निर्माण के दौरान जिले की सड़कों पर प्राइवेट वाहनों का परिचाल दिन के 12.15 बजे से एक बजे तक बंद रखने का निर्देश दिया व सभी थानाध्यक्षों से इसके पालन के प्रति सचेत रहने की बात कही़ उन्होंने इस दौरान मानव श्रृंखला में शामिल होने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानियां नहीं हो इसका भी ख्याल रखने को कहा़ इसके साथ ही उन्होंने थानाध्यक्षों से थाना में लंबित कांडों, कुर्की जब्ती के निष्पादन करने का निर्देश दिया़ बैठक में एसडीपीओ पंकज कुमार, सार्जेंट मेजर श्याम सुंदर कश्यप, इंस्पेक्टर कुंदन कुमार, विनोद राम, रामनिवास, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राजेश रंजन, नीरज कुमार, गौतम कुमार, रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष पंकज कुमार, हलसी थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, मेदनीचौकी थानाध्यक्ष सुनील कुमार, कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, कजरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार, पिपरिया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सहित अन्य थे़
