लापरवाही . बदसलूकी के बाद परिजन हुए आक्रोशित
मरीज की स्थिति गंभीर रहने के बावजूद चिकित्सक देते रहे ठीक करने का आश्वासन.
लखीसराय : मंगलवार की शाम विद्यापीठ चौक पर स्थित एक प्राइवेट क्लिनिक में इलाज के दौरान एक विवाहिता की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया़ मृतका के परिजनों के अनुसार महिला की स्थिति खराब होने के बावजूद चिकित्सक उसे ठीक कर देने का आश्वासन देते रहे. जब महिला की मौत हो गयी तब जाकर चिकित्सक उसे रेफर करने की बात कह अपने क्लिनिक से जल्द से जल्द ले जाने की बात कहने लगे. परिजनों के द्वारा विवाहिता को ले जाने में विलंब करने पर क्लीनिक के कर्मियों के द्वारा परिजनों के द्वारा दुर्व्यवहार किया गया़ जिससे परिजन आक्रोशित हो गये़ मिली जानकारी के अनुसार सूर्यगढ़ा प्रखंड के आदुपुर निवासी मिथुन कुमार की पत्नी 19 वर्षीय सिमरन कुमारी विगत कुछ दिनों से बीमार चल रही थी़
सोमवार को सिमरन की तबीयत खराब होने पर गांव में एक ग्रामीण चिकित्सक से दवा कराया गया. इसके बाद उसकी तबीयत में थोड़ी सुधार हुई. लेकिन मंगलवार को पुन: तबीयत खराब होने पर परिजन उसे लेकर लखीसराय विद्यापीठ चौक स्थित डॉ संजय कुमार के स्वास्तिक क्लिनिक में लेकर पहुंचे़ जहां महिला का इलाज शुरू किया गया व खून की जांच रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सक ने महिला के शरीर में खून की काफी कमी होने की बात कही.
मंगलवार की देर शाम महिला की स्थित ज्यादा बिगड़ने के बाद उसे पटना रेफर करने की बात भी कही़ लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी़ जानकारी के अनुसार मृतका का पति दिल्ली में काम करता है़
खून की कमी से हुई मौत : चिकित्सक
इस संबंध में चिकित्सक डॉ संजय कुमार ने बताया कि महिला के शरीर में मात्र दो ग्राम खून था व उसकी स्थिति गंभीर थी. उसकी जांच के बाद उन्होंने परिजनों को उसे पटना ले जाने की सलाह दी. लेकिन महिला के परिजन द्वारा उसका इलाज जारी रखने की बात कही गयी़ मंगलवार की शाम जैसे ही खून चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की गयी इसी क्रम में उसकी मौत हो गयी़ उन्होंने परिजनों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप से साफ इंकार करते हुए कहा कि कोई भी चिकित्सक ऐसा व्यवहार नहीं कर सकता़
