दिल्ली के व्यवसायी बंधु का 21 अक्तूबर को पटना हवाई अड्डे से किया था अपहरण
पटना पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को मांगा था रिमांड पर
लखीसराय : दिल्ली के व्यवसायी बंधु के चर्चित अपहरण कांड के मुख्य अभियुक्त रामगढ़ चौक प्रखंड के बौधनगर निवासी रंजीत मंडल उर्फ रंजीत डॉन को सोमवार को पटना के बेऊर जेल भेज दिया गया है. मंडल कारा के काराधीक्षक ललन कुमार सिन्हा ने बताया कि पटना पुलिस द्वारा व्यवसायी बंधु अपहरण कांड के तीनों अभियुक्तों को रिमांड पर मांगा गया था. इसी को लेकर सोमवार को कांड के मुख्य अभियुक्त रंजीत डॉन के साथ पीरी बाजार थाना क्षेत्र के अभयपुर निवासी ललन कुमार गुप्ता उर्फ ललुआ तथा चितरंजन रोड लखीसराय निवासी रंजीत कुमार को पुलिस अभिरक्षा में बेऊर जेल भेजा गया है.
बताते चलें कि दिल्ली के मार्बल व्यवसायी बंधु कपिल शर्मा एवं सुरेश शर्मा का 21 अक्तूबर को पटना हवाई अड्डा से अपहरण किया गया था. दोनों को लखीसराय जिले के कजरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोड़ासी पहाड़ी स्थित एक गुफा में रखा गया था. 26 अक्तूबर को पटना व लखीसराय पुलिस की मदद से दोनों व्यवसायी बंधुओं की सकुशल बरामदगी की गयी थी.
इस संबंध में पटना के हवाई अड्डा थाना में कांड संख्या 170/16 दर्ज किया गया था. व्यवसायी बंधु की बरामदगी के बाद पुलिस ने इस संबंध में लगभग आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया था. बाद में कांड के मुख्य अभियुक्त रंजीत डॉन के साथ -साथ अन्य नामजद अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी की गयी थी.
