लखीसराय : शहर के किऊल नदी घाट सहित अनेक जगहों पर इन दिनों गेसिंग का धंधा जोरों पर चल रहा था. इस धंधे में कुछ शराब कारोबारियों के संलिप्त होने की सूचना मिल रही है़ सुबह होते ही किऊल नदी घाट सहित नया बाजार के कुछ क्षेत्रों में गेसिंग के धंधे में संलिप्त लोग अपना कारोबार शुरू कर देते थे. जहां शहर के सैकड़ों युवाओं का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है़ गेसिंग खेलने वालों में अधिकांश गरीब व मध्यम वर्गीय तबके लोग ही होते हैं. इन्हें गेसिंग से फायदा कम नुकसान ज्यादा होता है.
इस धंधे में फायदा सिर्फ गेसिंग खेलाने वालों का ही होता है, क्योंकि गेसिंग के धंधे में जिस नंबर पर ज्यादा बुकिंग होती है वह नंबर शायद ही कभी खेलाया जाता है़ गेसिंग के धंधे में नुकसान होने पर गरीब तबके के लोग अपने घर जाकर मारपीट तक करते हैं. इससे मुहल्ले समाज के लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है़ जानकारों की मानें तो गेसिंग का धंधा विगत एक महीने से लगातार जारी है़ दो दिन पूर्व गेसिंग धंधेबाजों के बीच नया बाजार क्षेत्र के सूर्यनारायण घाट पर मारपीट की घटना होने के बाद उक्त जगह पर गेसिंग का धंधा बंद हुआ, लेकिन अन्य जगहों पर अब भी यह धंधा जारी है़
