लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन के सभी कार्यालय को प्लेटफॉर्म नंबर एक के पीछे शिफ्ट करने का कवायद शुरू कर दी गयी है. लेकिन कार्य गति धीमा होने के कारण समय सीमा के अंदर कार्य पूरा कर लेना संभव नहीं दिख रहा है. किऊल-लखीसराय के बीच रेलवे पुल का कार्य पूरा होने तक किऊल रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण भी होना है. इसके तहत ही प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्टेशन प्रबंधक कार्यालय समेत अन्य कार्यालय को शिफ्ट किया जाना है. इसके लिए उक्त प्लेटफॉर्म के किनारे मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है.
इधर स्टेशन विस्तारीकरण के तहत किऊल रेलवे स्टेशन पर छह व सात नंबर का प्लेटफॉर्म तैयार किया जायेगा. रेल सूत्र के मुताबिक प्लेटफॉर्म नंबर एक के किनारे छह महीने पूर्व मिट्टी भराई कार्य किया गया है. जिस पर स्टेशन प्रबंधक कार्यालय का निर्माण किया जाना है. प्लेटफॉर्म नंबर तीन के पूछताछ व कैंटीन को छोड़ कर शेष कार्यालय प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शिफ्ट किया जाना है. निर्माण कार्य मार्च 2018 तक पूरा कर लिया जाना है. लेकिन कार्य योजना में फेर बदल की संभावना बन गयी है. जिसके कारण कार्य बीच में ही रोक दिया गया है.
