दुखद. कुंधुर पंचायत क्षेत्र में पड़ने वाले नया गांव के कटहरा नदी घाट की घटना
ट्रैक्टर बालू लोड कर कुंधुर जा रहा था. तभी चालक ने नियंत्रण खोते हुए ऊपरी मैदान में खड़े बरहट थाना क्षेत्र के गुगुलडीह मुशहरी निवासी होरिल मांझी के 22 वर्षीय पुत्र छोटेलाल मांझी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
गिद्धौर/लखीसराय : थाना क्षेत्र के कुंधुर पंचायत अंतगर्त पड़ने वाले नयागांव के कटहरा नदी से अवैध बालू लोड कर जा रहे अनियंत्रित टैक्ट्रर के चपेट में आने से एक महादलित युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर नयागांव के कटहरा नदी से गुगुलडीह निवासी गोरे यादव के ट्रैक्टर बालू लोड कर थाना क्षेत्र के ही कुंधुर जा रहा था. तभी चालक ने नियंत्रण खोते हुए उपरी मैदान में खड़े बरहट थाना क्षेत्र के गुगुलडीह मुशहरी निवासी होरिल मांझी के 22 वर्षीय पुत्र छोटेलाल मांझी को कुचल दिया.
जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर हो गयी. घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा गिद्धौर थाना व बरहट थाना पुलिस को दिये जाने पर दोनों थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच लाश को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुट गयी.
परिजनों ने कहा : जान बूझ कर कुचला
घटना की सूचना मिलते ही नयागांव व गुगुलडीह गांव के सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर दौड़ पड़े. मृत युवक के पिता होरिल मांझी, माता सबुजवा देवी व भाई नुनदेव मांझी ने रोते बिलखते हुए बताया कि मृत युवक छोटेलाल गुगुलडीह निवासी गोरे यादव के ट्रैक्टर में लेवर का काम करता था. सुबह जब ट्रैक्टर चालक द्वारा बालू लोड करने की बात कह ट्रैक्टर पर छोटेलाल को चलने को कहा तो छोटेलाल ने मना कर दिया था, जिससे आक्रोशित चालक ने उसे जान-बूझ कर कुचल दिया. परिजनों ने दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
बालू उठाव ने ले ली छोटेलाल की जान
मृत युवक के परिजनों का हुआ रोकर बुरा हाल.
अवैध बालू उठाव पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन दिखाती सजगता तो नहीं घटती यह घटना
मृत युवक छोटेलाल गुगुलडीह निवासी गोरे यादव के ट्रैक्टर पर लेवर
का काम करता था.
