नक्सलियों ने चिपकाया पोस्टर

स्कूल भवन सहित कई जगहों पर नक्सलियों ने पोस्टर चिपका कर किया प्रशासन से सवाल सोनो : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व रात्रि में नक्सलियों ने थाना क्षेत्र में कई जगहों पर परचा चिपका कर स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासन से सवाल पूछा. सोमवार की सुबह पोस्टर चिपकने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उन पोस्टरों […]

स्कूल भवन सहित कई जगहों पर नक्सलियों ने पोस्टर चिपका कर किया प्रशासन से सवाल
सोनो : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व रात्रि में नक्सलियों ने थाना क्षेत्र में कई जगहों पर परचा चिपका कर स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासन से सवाल पूछा. सोमवार की सुबह पोस्टर चिपकने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उन पोस्टरों को उखाड़ दिया.
कुहिला गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय भवन के मुख्य गेट पर निवेदक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी(माओवादी) के एक पोस्टर में लिखा गया है कि स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त भारत की 10 प्रतिशत जनता के लिए है, 90 प्रतिशत जनता के लिए नहीं. जबकि दीवार पर लगे पोस्टर में सवाल करते हुए भाकपा(माओवादी) ने लिखा है कि 15 अगस्त यदि स्वतंत्रता दिवस है तो हम गरीब जनता को उग्रवाद देशद्रोह क्यों कहते हैं.
इसी प्रकार मध्य विद्यालय चुरहेत के चारदीवारी पर दो पोस्टर चिपके पाये गये. पोस्टर में सवाल करते हुए लिखा गया कि 15 अगस्त यदि स्वतंत्रता दिवस है तो हम गरीब जनता के साथ मारपीट, हत्या व जेल क्यों? इसके अलावे सोनो-चरकापत्थर मार्ग के अगहरा मोड़ व कुहिला मोड़ के समीप भी सड़क किनारे पेड़ में नक्सली परचा चिपका पाया गया. चुरहेत पंचायत के मडरो गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के गेट पर इसी प्रकार के दो नक्सली परचा चिपका पाया गया.
इस तरह कई जगहों पर नक्सली परचा पाये जाने से लोग सकते में आ गये. जिन तीन विद्यालयों में नक्सली परचा पाया गया वहां के प्रभारी ने अपने वरीय पदाधिकारी को इस संदर्भ में सूचित कर उनसे मार्गदर्शन भी मांगा है. हालांकि इसकी सूचना मिलते ही हरकत में आयी पुलिस ने सभी जगहों से पोस्टर को हटा दिया. बाद में इन विद्यालयों में झंडोत्तोलन किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >