डकरा से आठ व ओफापुर से एक पीड़ित को कराया गया सदर अस्पताल
में भरती
लखीसराय : डायरिया पर रोक के लिए स्वास्थ्य विभाग गांव में मेडिकल टीम भेजने के चाहे कितने दावे कर ले, लेकिन वह डायरिया फैलने से नहीं रोक पा रही है़ एक सप्ताह से रामगढ़ चौक प्रखंड के डकरा गांव में दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हुए और सदर अस्पताल सहित अन्य जगहों पर इलाज करवा चुके हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम आज तक उस गांव तक नहीं पहुंच सकी है़ रविवार को भी डकरा गांव में डायरिया ने विकराल रूप ले लिया़
डकरा गांव से कुल 08 लोगों को डायरिया से पीड़ित होने पर सदर अस्पताल में भरती कराया गया. इसमें चार लोग वैसे हैं जो मधेपुरा जिले से धान की रोपनी करने के लिए डकरा गांव में पहुंचे हुए थे़ वहीं सदर प्रखंड के बिलौरी पंचायत के ओफापुर गांव से एक महिला को डायरिया की शिकायत के बाद सदर अस्पताल में भरती कराया गया है़ डकरा गांव से सदर अस्पताल में भरती होने जवाहर साव की 08 वर्षीय बेटी मुन्नी कुमार, 14 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार, श्रीनिवास सिंह की पत्नी ममता कुमारी, राजेश सिंह की पत्नी रूपम कुमारी, मधेपुरा के शंकर पासवान, शंकर यादव, मिथिलेश कुमार एवं पवन यादव शामिल हैं, वहीं ओफापुर से 60 वर्षीय नूरजहां भरती हुई है़
इस संबंध में एसीएमओ डॉ विजय कुमार ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है, इस संबंध में रामगढ़ पीएचसी प्रभारी को डकरा गांव में मेडिकल टीम भेजने का निर्देशित किया गया है़
