बिना हेलमेट बाइक चालकों पर नकेल कसने व चलान काटने का दिया निर्देश
एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की मासिक अपराध गोष्ठी
लखीसराय : बुधवार को जिला समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस अधीक्षक के कार्यालय कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अभी तक पांच चरण के मतदान शांतिपूर्वक होने पर बधाई दी. वहीं उन्होंने अभी बचे दो चरण के मतदान को भी शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिये थानाध्यक्षों को अपने थाना क्षेत्र में वैसे व्यक्ति पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया जो मतदान व मतदान के बाद क्षेत्र में गड़बड़ी फैला सकते हैं. बैठक में राज्य सरकार द्वारा पूर्ण शराब बंदी का कड़ाई से पालन किये जाने का निर्देश दिया व इसके अवैध कारोबार पर रोक थाम के लिये छापेमारी तेज करने का निर्देश दिया.
बैठक में सभी थानाध्यक्ष को परिवहन विभाग के द्वारा सीजर लिस्ट उपलब्ध करा दिया गया. जिसको लेकर क्षेत्र में बिना हेलमेट बाइक चालक व अन्य चलान काटने का निर्देश दिया गया. मासिक अपराध गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार, मुख्यालय डीएसपी कृष्ण कुमार, टाउन थानाध्यक्ष राजेश रंजन, बड़हिया थानाध्यक्ष विश्वजीत सहित सभी थाना के थानाध्यक्ष उपस्थित थे.
