रामगढ़ चौक में 28 मार्च से दो अप्रैल तक होगा नामांकन
हलसी प्रखंड में पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को जारी होगी अधिसूचना
मंगलवार से होगा नामांकन
लखीसराय/रामगढ़ चौक : होली के बाद शनिवार से पंचायत की सरकार के लिए चुनावी कसरत एक बार फिर शुरू हो गयी. रामगढ़ चौक प्रखंड के आठ पंचायतों में होनेवाले पंचायती चुनाव के नामांकन के लिए शनिवार को अधिसूचना जारी कर दी गयी. रामगढ़ चौक प्रखंड के प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि 28 मार्च से दो अप्रैल तक नामांकन किया जायेगा. शांतिपूर्ण नामांकन कराने के लिये नामांकन कोषांग का गठन किया गया है. नामांकन के लिये प्रखंड परिसर में 10 बजे से पांच बजे तक नामांकन का परचा भरा जायेगा.
नामांकन के लिये चार टेबुल की व्यवस्था की गयी है.
क्या कहते हैं अधिकारी. बीडीओ ने बताया कि नाम वापसी की तिथि सात अप्रैल तक होगी. वहीं रामगढ़ चौक प्रखंड में 14 मई 2016 को मतदान होगा. नामांकन स्थल से 200 मीटर तक भीड़ जमा नहीं हो इसके लिये बीएओ पवन कुमार को दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया है. रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष प्रभारी को चुनाव में नामांकन शांतिपूर्ण कराने के लिये नामांकन स्थल पर पर्याप्त सशक्त बल की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है.
बीडीओ ने कहा कि जाति, आवासीय, बैंक पासबुक, चरित्र प्रमाण पत्र अनिवार्य नहीं है. इधर हलसी प्रखंड के 10 पंचायतों में होनेवाले पंचायत चुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी की जायेगी. प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ मनीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नामांकन का कार्य मंगलवार को शुरू होगा.
