1.64 करोड़ रुपये के डीजल अनुदान का किसानों के बीच वितरण
बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश
जमुई: आदिवासी समुदाय के लोगों के लिए बूढ़ा-बूढ़ी थान आस्था का महत्वपूर्ण स्थान होता है. सरकार के कल्याण विभाग द्वारा माडा योजना के तहत जिले के आदिवासी बहुल इलाकों में बूढ़ा-बूढ़ी थान को विकसित करने की योजना है. उक्त बातें जिलाधिकारी शशिक ांत तिवारी ने सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के सभी अधिकारियों के साथ जिला टास्क फोर्स की बैठक के दौरान कही. बैठक के दौरान उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को चकाई के चिहरा गांव में इसी सप्ताह प्राथमिकता के आधार पर एक बूढ़ा-बूढ़ी थान को विकसित करने का निर्देश दिया. उन्होंने आपूर्ति पदाधिकारी को अंत्योदय,अन्नपूर्णा,बीपीएल व एपीएल योजना का खाद्यान्न व तेल का शत प्रतिशत उठाव एवं वितरण करने तथा राशन कार्ड का कंप्यूटरीकरण करने का निर्देश दिया. डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी को दुर्गापूजा व बकरीद को देखते हुए वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा दुपहिया मोटर चालकों को हेलमेट का प्रयोग अनिवार्य कराने का निर्देश दिया. जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि डीजल अनुदान का वितरण किया जा रहा है और डीजल अनुदान देने की प्रक्रिया को अत्यधिक सरल बना दी गई है. जिलाधिकारी ने इस कार्य में तेजी लाने और बिचौलियों की दखलांदाजी खत्म करने का निर्देश दिया. डीएम ने पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता को महादेव सिमरिया, कागेश्वर सहित एमडीएम योजना से आच्छादित सभी विद्यालयों में खराब पड़े चापाकल को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने आगामी दो अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्थानीय श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में आयोजित होनेवाले मेगा शिविर में सरकार की योजनाओं का बृहत प्रचार प्रसार करने का निर्देश दिया. जमीन की खरीद-बिक्री करने वाले लोगों की सुविधा हेतु टाईम स्लॉट निर्धारित कर इसे प्रचारित कराने का निर्देश दिया. कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग को ऑफिसर क्वार्टर के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया.
