लखीसराय: शेखपुरा जिले के चेवाड़ा स्थित केनरा बैंक शाखा के प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा व क्लर्क सुमित सुमन का रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र से सोमवार शाम अपहरण हुआ था. लखीसराय पुलिस ने दोनों अपहृतों को 36 घंटे के अंदर जमुई से खोज निकाला. अपहरण में शामिल चार अपराधी को भी गिरफ्तार करने में सफलता पायी है.
अपहृत राजीव के पिता के आवेदन पर रामगढ़ चौक थाना में अपहरण की प्राथमिकी के बाद लखीसराय के पुलिस कप्तान अशोक कुमार ने एसडीपीओ संजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर अपहृतों की खोज में लगायी गयी थी. टीम ने तीन भागों में बंट कर लखीसराय व जमुई जिले के विभिन्न भागों में छापेमारी की. आखिरकार जमुई के सोनाय मोरवा गांव के कलाम मियां के घर से दोनों अपहृत बैंक कर्मियों की सकुशल रिहाई में सफलता मिली.
छापेमारी के लिए बनायी गयी टीम : बुधवार को जिले के पुलिस कप्तान अशोक कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि अपहरण का मामला दर्ज करने के बाद उन्होंने एसडीपीओ संजय कुमार के नेतृत्व में लखीसराय पुलिस अंचल निरीक्षक कुंदन कुमार, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार, रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, हलसी थानाध्यक्ष गौतम कुमार सिंह, पीरी बाजार थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, मेदनी चौकी थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा की एक टीम गठित की. अनुसंधान के दौरान पूर्व के आपराधिक मामलों में संलिप्त 3-4 अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी.
कलाम मियां के घर से हुई बरामदगी : उन्होंने बताया कि मोबाइल सीडीआर तथा टावर लोकेशन के आधार पर गठित टीम में से पुन: तीन टीम गठित कर जमुई थाना के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की गयी. इसी दौरान सोनाय मेरवा स्थित कलाम मियां के घर से दोनों अपहृतों की सकुशल बरामदगी गयी. वहीं उक्त घर से अपहृतों की चौकीदारी कर रहे जमुई जिले के खैरा गांव निवासी दिनेश राम को गिरफ्तार कर लिया गया. जबकि दो अपराधी गृहस्वामी कलाम मियां व कल्याणपुर निवासी गुड्डू सिन्हा भाग निकले. गिरफ्तार दिनेश राम ने बताया कि अपहृत के परिजनों से पैसा के लिए संपर्क करने मिर्जागंज सिकंदरा निवासी रंजीत साव उर्फ डॉन व सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर निवासी गोरेलाल केवट लखीसराय की ओर मोटरसाइकिल से गये हैं. बैंक कर्मियों को लेकर लौटते वक्त पुलिस टीम ने उक्त दोनों अपराधी को लखीसराय के शरमा गांव के पास दो कट्टा (315 बोर), तीन जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल तथा एक हरे रंग की बिना नंबर के हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद किया.
अपहरण में दस नामजद व चार अज्ञात शामिल
एसपी श्री कुमार ने बताया कि उक्त अपहरण कांड का मुख्य सरगना गुड्डू सिन्हा व रंजीत साव उर्फ डॉन है. इस घटना में कुल दस नामजद व 3-4 अज्ञात शामिल हैं. इनमें से एक सरगना रंजीत, लखीसराय के पचना रोड के पंकज यादव, गोरेलाल केवट व दिनेश राम को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं जिस घर से दोनों अपहृतों को बरामद किया गया उसके गृहस्वामी मो कलाम मियां, उनकी पत्नी, सरगना गुड्डू सिन्हा, कल्याणपुर निवासी भुट्टो यादव, चेवाड़ा निवासी सिट्टू दा व सिप्पी फरार है. इन सभी के बारे में अनुसंधान जारी है.
