खड़गपुर में 60 लैंड माइंस बरामद
हवेली खड़गपुर: मुंगेर पुलिस ने मंगलवार को खड़गपुर जंगल में एक बड़ी सफलता हासिल की. सीआरपीएफ, एसटीएफ एवं एसएसबी के सहयोग से नक्सल प्रभावित भीमबांध जंगल में 60 शक्तिशाली आइइडी (लैंड माइंस) बरामद की गयी. ये लैंड माइंस खड़गपुर झील स्थित बाबा स्थान से लेकर तीतपनिया जानेवाले मार्ग में बिछाये गये थे. इन विस्फोटकों को […]
हवेली खड़गपुर: मुंगेर पुलिस ने मंगलवार को खड़गपुर जंगल में एक बड़ी सफलता हासिल की. सीआरपीएफ, एसटीएफ एवं एसएसबी के सहयोग से नक्सल प्रभावित भीमबांध जंगल में 60 शक्तिशाली आइइडी (लैंड माइंस) बरामद की गयी. ये लैंड माइंस खड़गपुर झील स्थित बाबा स्थान से लेकर तीतपनिया जानेवाले मार्ग में बिछाये गये थे. इन विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ता द्वारा निष्क्रिय किया गया.
हो सकता था सीरियल ब्लास्ट : एसपी वरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि ये आइइडी काफी उच्च क्षमता के हैं और भीमबांध के जंगल व पहाड़ी क्षेत्र में 600 मीटर के दायरे में इसे लगाया गया था. उन्होंने बताया कि पुलिस व सीआरपीएफ की टुकड़ी को अपना निशाना बनाने के लिए माओवादियों ने इसे बिछा रखा था. इसके माध्यम से सीरियल ब्लास्ट किया जा सकता था और लगभग 500 जवानों को यह अपने चपेट में ले सकता था.
उन्होंने बताया कि पुलिस के लिए यह बड़ी उपलब्धि है. सीआरपीएफ के कमाडेंट पीपी प्रदीप ने भीमबांध स्थित चोरमरा के पास से 20 किलोग्राम का एक अतिरिक्त आइइडी बरामद किया गया है. इसे डिफ्यूज कर दिया गया है. विदित हो कि पूर्व में भी कई बार माओवादियों ने भीमबांध जंगल में लैंड माइंस विस्फोट कर पुलिस को भारी क्षति पहुंचायी है.
वर्ष 2005 में लैंड माइंस विस्फोट कर ही मुंगेर के तत्कालीन एसपी केसी सुरेंद्र बाबू सहित छह पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारा था. एसपी ने बताया कि आज के इस अभियान में सीआरपीएफ के सहायक समादेष्टा सरोज कुमार एवं वरुण शर्मा, एएसपी अभियान नवीन कुमार, एसएसबी के सुरेश शर्मा, कोबरा बटालियन के भैरव सिंह, खड़गपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार, एसटीएफ के डीएसपी आलोक कुमार सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी व बम निरोधक दस्ता शामिल थे.