सूर्यगढ़ा : सूर्यगढ़ा शिक्षांचल अंतर्गत खाबा झपानी सीआरसी के राजकीय बुनियादी विद्यालय किरणपुर में मंगलवार को एमडीएम में बनायी गयी सोयाबीन की सब्जी में कीड़ा निकल आया. इसके बाद अभिभावकों व छात्रों ने विद्यालय परिसर में जम कर हंगामा किया.
समन्वयक श्रीप्रसाद महतो के उग्र छात्र व अभिभावकों को शांत कराया. विद्यालय में कक्षा छह की छात्र वंदना कुमारी, विवेक कुमार, सातवीं कक्षा की रिंकु कुमारी, मौसमी कुमारी आदि ने कहा कि विद्यालय में एमडीएम बहुत घटिया दिया जाता है. अभिभावक निर्मला देवी, मुंगेरी पोद्दार, अर्जुन महतो, शंकर साव, शोभा देवी आदि के मुताबिक मंगलवार को एमडीएम में कीड़ा निकलने के बाद जब मामला तूल पकड़ने लगा, तो सोयाबीन की सब्जी को कुएं में फेंक दिया गया.
छात्रों के मुताबिक चार दिन पूर्व चावल में फेनाइल गिर गया था. विद्यालय शिक्षा समिति अध्यक्ष मंजु देवी ने बताया कि विद्यालय में घटिया एमडीएम की शिकायत के बाद खाना बनाने की रोका गया था. बच्चों को भोजन देने के पूर्व विद्यालय प्रधान व रसोइया उसकी गुणवत्ता की जांच नहीं करते. इस बाबत विद्यालय प्रधान ने कुछ बोलने से मना किया. जबकि बीडीओ राजीव मोहन सहाय ने बताया कि बारिश के मौसम तक विद्यालय में एमडीएम में सोयाबीन का उपयोग नहीं करने का आदेश दिया गया है.
