किशनगंज : रामनवमी के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा को राजनीतिक रंग देने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. धार्मिक कार्यक्रम को चुनावी मंच बनाने वाले पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के तहत मामला दर्ज होगा. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूरे जिले में धारा 144 लगाया गया है.
जिले के संवेदनशील बूथों पर सेंट्रल पारा मलेट्री फोर्स को लगाया जायेगा. मतदान केंद्र पर मतदाता से सुरक्षा में तैनात जवान पहचान पत्र की मांग नहीं करेंगे.
इसके लिये पीठासीन पदाधिकारी, पोलिंग अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट व मतदान कार्य में लगे अन्य अधिकारी पहचान पत्र की जांच करेंगे. मंगलवार को एसपी कुमार आशीष ने कहा कि रामनवमी के अवसर में शहर में निकलने वाले जुलूस या शोभायात्रा को राजनीतिक रंग देने वालों पर कार्रवाई की जायेगी.
पूरे जुलूस की वीडियोग्राफी की जायेगी. जुलूस के लिये संबंधित थाने से अनुमति लेना अनिवार्य है. शोभायात्रा को राजनीतिक रंग दिये जाने की स्थिति में संबंधित प्रत्याशी पर कार्रवाई के साथ जुलूस का पूरा खर्च जोड़ा जायेगा.उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान मतदान केंद्र से 200 मीटर पर किसी भी प्रकार गतिविधि वर्जित है.
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिले के सभी थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला जायेगा. सभी बूथ पर अर्धसैनिक बल की तैनाती रहेगी. सभ्यता के साथ करे वाहन जांच जिले में चुनाव को लेकर पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान तेज कर दी गयी है.
वाहन जांच के दौरान शिष्टता के साथ वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया गया है. चेकपोस्ट पर नियमित आलाधिकारी निरीक्षण कर रहे है. सभी प्रकार खासकर कर दो व चार पहिया वाहन की जांच हो रही है. चुनाव को ले जागरूकता अभियान जारी लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण 18 अप्रैल को जिले मतदान होना है.
मतदान को लेकर जिले में तैयारी जोड़ों पर है. चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर प्रशासन अलर्ट है. जिले में मतदान अधिक हो इसके लिये मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. गत 2014 के चुनाव से अधिक मतदान प्रतिशत को लेकर प्रशासन अभियान चला रही है.
