लखीसराय : जिले के बड़हिया थाना अंतर्गत नगर पंचायत क्षेत्र के नागवस्ती स्थान के पास एनएच 80 पर रविवार को एक जुगाड़ गाड़ी एवं छोटी वाहन में टक्कर हो गयी. जिससे जुगाड़ गाड़ी पर लदा छड़ छोटी वाहन के शीशा फोड़ते हुए प्रवेश कर गया तथा छोटी वाहन में सवार तीन व्यक्ति मुजफ्फरपुर जिला के औराई थाना के चौहट निवासी अधिवक्ता गिरीश कुमार सिंह, उनके 20 वर्षीया पुत्री अनीशा कुमारी के अलावा पांच वर्षीया तनीषा कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी.
तो दूसरी ओर जुगाड़ गाड़ी के चालक बड़हिया निवासी भुनेश्वर मंडल भी जख्मी हो गया. तीन घायलों का इलाज निजी क्लिनिक में किया गया जबकि एक अन्य का इलाज रेफरल अस्पताल बड़हिया में किया गया. इसमें पांच वर्षीया तनीषा की हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया. दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना से पीड़ित अधिवक्ता गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि देवघर से अपने वाहन रिनॉल्ट के क्यूड गाड़ी नंबर बीआर 06 एवाई 0840 से मुजफ्फरपुर जा रहा था. बड़हिया में गाड़ी रोककर मिठाई लेकर ज्योंहि चला कि एक मंदिर के पास एनएच 80 पर छड़ से लदा एक जुगाड़ गाड़ी से सीधी टक्कर हो गयी, जिससे जुगाड़ गाड़ी पर लदा छड़ सीधे क्यूड वाहन का शीशा फोड़ते हुए अंदर प्रवेश कर गया और उसमें सवार छह में तीन लोग जख्मी हो गये.
वहीं जुगाड़ गाड़ी के चालक नगर पंचायत बड़हिया के वार्ड संख्या 17 निवासी हरिकांत मंडल का पुत्र भुनेश्वर मंडल ने बताया कि एक ऑटो के बचाने के क्रम में छोटी वाहन से टकरा गया जिससे यह हादसा हुआ.
