माओवादियों द्वारा अगवा किये गये निर्माण कंपनी के सभी आठ कर्मचारी रिहा, क्षेत्र में दहशत
हवेली खड़गपुर : खड़गपुर झील के जटातरी गांव के पास माओवादियों ने बुधवार की देर रात आरके कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के चार पोकलेन, दो हाइवा व एक मोटर साइकिल को फूंक दिया. वहीं कंस्ट्रक्शन कंपनी के आठ कामगारों को अगवा कर लिया. इसमें से चार को रात में ही छोड़ दिया गया और शेष चार को गुरुवार की शाम मुक्त किया गया. मुंगेर के पुलिस उपमहानिरीक्षक जीतेंद्र मिश्र ने बंधक बनाये गये सभी कामगारों के मुक्त किये जाने की पुष्टि की है. इस घटना से एक बार फिर नक्सल प्रभावित इस क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम हो गया है.
सॉल्ट निकालने का किया जा रहा काम
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि खड़गपुर झील सिंचाई योजना के अंतर्गत राज्य सरकार द्वारा 87 करोड़ की लागत से जटातरी गांव के पास सॉल्ट निकालने का काम किया जा रहा है. इस काम को आरके कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा कराया जा रहा. माना जा रहा है कि माओवादियों ने संबंधित कंपनी से लेवी की मांग की थी. इसका भुगतान नहीं होने पर बुधवार की देर रात 40-50 की संख्या में हथियारबंद दस्ता कार्यस्थल पर पहुंचा और गोलीबारी शुरू कर दी.
माओवादियों ने खड़गपुर…
माओवादियों ने लगभग 20-25 राउंड गोलियां चलायी और कार्यस्थल पर रखे चार पोपलेन मशीन, दो हाइवा ट्रक, एक मोटरइकिल को आग के हवाले कर दिया. इससे तमाम वाहन जलकर राख हो गये.
माओवादियों के इस कार्रवाई से लगभग तीन करोड़ का नुकसान हुआ है. वाहन को आग के हवाले करने के बाद कार्यस्थल पर मौजूद कर्मचारी उज्जवल कुमार सिंह, दीपक कुमार, मकसूद आलम, हमीद, सहदेव मंडल, संजीव पांडे, पिंटू अंसारी, महमूद को मारपीट कर नक्सली अपने साथ जंगल की ओर ले गये. हालांकि लगभग पांच किलोमीटर के बाद जंगल में सहदेव मंडल, संजीव पांडे, पिंटू अंसारी, मकसूद कुल चार कर्मियों को वापस छोड़ दिया. नक्सलियों के चंगुल से छूटे कर्मी भागते-दौड़ते एवं डरे सहमे अनुमंडल स्थित एसएसबी कैंप पहुंचे. जहां कर्मियों ने घटना की पूरी जानकारी एसएसबी के अधिकारियों को दिया. घटना की जानकारी मिलते ही एसएसबी के दर्जनों जवान घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. इधर गुरुवार की सुबह से ही पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला, एएसपी अभियान राणा नवीण, एसएसबी व सीआरपीएफ की टुकड़ियां जंगली इलाकों में सर्च अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद देर शाम माओवादियों ने अपने कब्जे में रखे चार अन्य उज्जवल कुमार सिंह, दीपक कुमार, हमीद, मकसूद को भी माओवादियों ने मुक्त कर दिया. डीआइजी जीतेंद्र मिश्र ने मुक्ति की पुष्टि करते हुए बताया कि इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है.
