साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब
साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब
पालकी यात्रा में ‘ओम साईं राम’ व ‘सबका मालिक एक है’ जयकारों से गूंजा शहर
श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पालकी यात्रा का किया स्वागत
तीन दिनों तक चलेगा साईं बाबा मंदिर के अष्टम वार्षिकोत्सव
लखीसराय. रविवार को अष्टम वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर शिरडी साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गयी. इस दौरान पूरा वातावरण ”ओम साईं राम” और ”सबका मालिक एक” के जयघोष से गुंजायमान रहा. भक्ति धुनों पर थिरकते श्रद्धालुओं व हाथों में केसरिया पताका लिए भक्तों के जत्थे ने शहर की सड़कों पर भक्ति की बयार बहा दी.
साईं मंदिर से बड़ी दुर्गा स्थान तक निकली यात्रा
पालकी यात्रा का शुभारंभ पूर्वी कार्यानंद नगर स्थित साईं मंदिर से हुआ. यहां डॉ प्रवीण कुमार सिन्हा द्वारा विधिवत पूजन के पश्चात यात्रा को प्रस्थान कराया गया. पालकी थाना चौक होते हुए बड़ी दुर्गा स्थान तक गयी, जहां बाबा की महाआरती की गयी. यात्रा में शामिल महिला व पुरुष श्रद्धालु अपने सिर पर साईं पट्टी बांधे व हाथों में बाबा की तस्वीर वाली पताका लेकर नाचते-गाते चल रहे थे.
नींबू-पानी से हुई सेवा, प्रशासन रहा मुस्तैद
भीषण गर्मी को देखते हुए रास्ते में जगह-जगह साईं भक्तों के लिए शीतल पेयजल व नींबू-पानी की व्यवस्था की गयी थी. सुरक्षा व व्यवस्था बनाये रखने में स्थानीय पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा. भक्तों का मानना है कि पालकी यात्रा में सच्चे मन से मांगी गयी हर मनोकामना बाबा अवश्य पूरी करते हैं.
इनकी रही सक्रिय भूमिका
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में गंगा राम, राजू शर्मा, रामानुज सिंह, राजाराम सिंह, अमित शर्मा, अश्विनी कुमार व रश्मि की भूमिका सराहनीय रही. वहीं महिला भक्तों में नीलम देवी, गायत्री देवी, खुशबू, मीरा कुमारी, शांति देवी और तनुजा ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और व्यवस्था संभाली.