सावधान . किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की कर रहा तैयारी
छह महीनों से कजरा चानन व मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के जंगलों में है अधिपत्य
दो दिसंबर को कजरा थाना क्षेत्र के घोघरघाटी से नक्सली एरिया कमांडर बालेश्वर कोड़ा के बेटे संजय कोड़ा को किया गया था गिरफ्तार
लखीसराय : अपने बेटे संजय की गिरफ्तारी से नक्सली एरिया कमांडर बालेश्वर कोड़ा बौखलाया हुआ है़ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बालेश्वर कोड़ा अपने बेटे की गिरफ्तारी का बदला लेने के लिए किसी बड़े घटना को अंजाम देने की फिराक में है. विगत दो दिसंबर को कोबरा, एसटीएफ एवं सीआरपीएफ के द्वारा नक्सलियों के क्षेत्र में होने की सूचना पर चलाये गये कांबिंग ऑपरेशन के दौरान नक्सली एरिया कमांडर बालेश्वर कोड़ा के पुत्र संजय कोड़ा को एक चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया था़
बाइक चोरी के संबंध में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार बाइक पचना रोड के युवक की थी, जिससे स्वयं बालेश्वर कोड़ा एवं उसके बेटे ने जल्लपा स्थान के पास छीनी थी. यहां बता दें कि विगत छह महीने से जिले के कजरा व चानन थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित क्षेत्र सहित पड़ोसी जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के जंगलों में अपना अधिपत्य जमा चुके नक्सली एरिया कमांडर बालेश्वर कोड़ा क्षेत्र में पहाड़ी व जंगली इलाकों में रहने वाले युवाओं को नक्सल संगठन जोड़ने तथा बीच जंगलों में उन्हें प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का काम करता है. कई बाद इस संबंध में सूचना मिलने पर नक्सलियों के खिलाफ कांबिंग ऑपरेशन भी चलाया गया़ जिसमें विगत दो माह पूर्व नक्सलियों को रसद पहुंचाने जा रहे एक युवक को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता भी पायी थी. हालांकि ऑपरेशन की सूचना मिलते ही नक्सलियों ने अपना ठिकाना बदल लिया था, जिससे पुलिस के हाथों एक बड़ी सफलता हाथ आते-आते रह गयी थी. इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बालेश्वर कोड़ा अपने बेटे की गिरफ्तारी के बाद बौखलाया हुआ है किंतु शांत बैठकर अपने बेटे की गिरफ्तारी का बदला लेने की फिराक में है.
