अशोक धाम में गूंजी शहनाई, बिना दहेज के 25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
अशोक धाम में गूंजी शहनाई, बिना दहेज के 25 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
ट्रस्ट की ओर से कराया गया सामूहिक विवाह, नव-दंपतियों को उपहार स्वरूप दी गयी गृहस्थी की सामग्री
लखीसराय. प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर अशोक धाम ट्रस्ट के द्वारा बिना दहेज के 25 जोड़ियां वर-वधु का शादी हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया. ट्रस्ट के सचिव डॉ. कुमार अमित ने बताया कि वैवाहिक कार्यक्रम दोपहर डेढ़ बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चला. अशोक धाम के विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चारण और वर-वधु के परिजनों की उपस्थिति में विवाह संपन्न कराया गया और सभी को सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया गया. वर-वधू को उनके नयेघर की शुरुआत के लिए ट्रस्ट की ओर से आभूषण, कपड़े, बर्तन और पंखा आदि उपहार स्वरूप प्रदान किए गए. विवाह संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों से पहुंचे अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गयी थी. यह वैवाहिक कार्यक्रम डीएम नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार, वरीय ट्रस्टी डॉ प्रवीण कुमार सिन्हा, राजेंद्र सिंघानिया व प्रो मनोरंजन कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ. इस मौके पर डॉ रामानुज सिंह, डॉ पंकज कुमार, डॉ कंचन व लायंस क्लब के सदस्य सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे.