एसपी ने प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी
मुख्य आरोपित ने भी बयान में प्रेम करने की बात स्वीकारी
लखीसराय : अपने कार्यालय कक्ष में बुधवार का पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि जिले के चानन प्रखंड के लाखोचक की चर्चित गैंगरेप का मामला अभी तक अनुसंधान, मेडिकल रिपोर्ट , गिरफ्तार आरोपित के स्वीकारोक्ति बयान एवं वैज्ञानिक व अन्य साक्षयों के आधार यह मामला सामूहिक दुष्कर्म का नहीं,
बल्कि प्रेम प्रसंग का पाया गया है. एसपी श्री कुमार ने बताया कि बीते 17 जून को ममता कुमारी के द्वारा चानन थाना में गैंगरेप होने की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. एफआइआर दर्ज होते आरोपितों की गिरफ्तारी व मामले की छानबीन को लेकर एसआइटी गठित करते हुए उसमें चानन थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार एवं महिला थानाध्यक्ष श्वेता कुमारी को शामिल किया गया.
इसके बाद किये गये अनुसंधान व छापेमारी में धरमवीर कुमार, मृत्युंजय कुमार एवं संतोष तांती को गिरफ्तार किया गया. एसपी श्री कुमार ने बताया कि पीड़िता एवं धरमवीर (पीड़िता के भाभी का भाई) के मोबाइल का सीडीआर निकालने पर पता चला कि दोनों के बीच पिछले पांच छह महीनों से मोबाइल पर घंटों बातचीत होती थी. इसके बाद पीड़िता का मेडिकल जांच के लिये बोर्ड गठित करने का अनुरोध किया गया. वहीं मेडिकल रिपोर्ट में गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है और पीड़िता की उम्र 17 से 19 वर्ष के बीच बताया गया.
घटना की रात आरोपित व छात्रा के बीच फोन पर हुई थी बात
धरमवीर के स्वीकारोक्ति बयान एवं पुलिसिया जांच, मोबाइल सीडीआर, मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि घटना की रात 11: 30 बजे से 2:30 बजे तक दोनों के बीच कुल 13 बार बातचीत हुई थी. जिसमें 12 बार धरमवीर के द्वारा पीड़िता के मोबाइल पर तथा एक बार पीड़िता के द्वारा धरमवीर के मोबाइल पर बातचीत हुई. वहीं पीड़िता के द्वारा एक दो दिन पूर्व से ही संतोष एवं मृत्युंजय से उसे किऊल पहुंचाने के लिये सहयोग मांगा जा रहा था. घटना के दिन मृत्युंजय एवं संतोष उसे लेकर किऊल स्टेशन पहुंचा. जहां से 2:43 बजे रात में पीड़िता को धरमवीर से मिला कर संतोष एवं मृत्युंजय वापस लौट गये. इस बीच पीड़िता संतोष के मोबाइल में अपना सिम जो उसके चाचा के नाम से आवंटित है डालकर उपयोग कर रही थी. किऊल से लौटते वक्त संतोष अपना मोबाइल पीड़िता से ले लिया और उसका सिम उसे लौटा दिया. यह सिम एवं धरमवीर का सिम पुलिस ने धरमवीर के पास से बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया.
