ठाकुरगंज
ठाकुरगंज व आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को लोगों ने रंगारंग कार्यक्रम के साथ जश्न मनाते हुए नववर्ष का स्वागत किया. बुधवार की देर शाम से रात तक ठाकुरगंज समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए. रात बारह बजते ही 2025 को विदाई देते हुए 2026 का स्वागत किया गया. नववर्ष के स्वागत में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पटाखे फूटे. शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में रात भर डीजे की आवाज गूंजती रही. युवा वर्ग व बच्चे डीजे की धुन पर थिरकते रहे. नववर्ष के पहले दिन क्षेत्र में पिकनिक का दौर शुरू हुआ. ठाकुरगंज के आसपास के पिकनिक स्पॉट पर लोगों ने पिकनिक किया. भातडाला पार्क, भीमबालिश के साथ इस बार लोगों के आकर्षण गलगलिया के पास का झूला पुल रहा. वहीं लोगों ने अपने अपने खेतों में भी पिकनिक मनाया. इन पिकनिक स्पाट पर युवा वर्ग के साथ-साथ बड़े-बुजुर्ग, महिला व बच्चे भी पिकनिक के लिए पहुंचे व आनंद लिया. मेची नदी के तट पर गलगलिया पासवान टोला के समीप बने झुला पुल पर, भातडाला पोखर पर व भीम तकिया पर लोगों ने पिकनिक का आनंद लिया.मंदिरों में भी उमड़ी भीड़
धर्म की नगरी ठाकुरगंज में नव वर्ष के पहले दिन की शुरुआत लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन से की. इस मौके पर हरगौरी मंदिर का दर्शन करने के लिए सुबह से ही भीड़ उमड़ी हुई थी. बड़ी संख्या मे लोगों ने मंदिर में भगवान की पूजा की. मंदिर के बाहर युवाओं की भीड़ काफी ज्यादा देखने को मिली. वह सभी अपने दिन की शुरुआत भगवान का आशीर्वाद लेकर कर रहे थे.युवाओं ने किया पहाड़ का रुख
ठाकुरगंज के युवाओं की इस बार पिकिनिक स्पॉट के रूप मे पसंद समीपवर्ती दुधिया और पानीगठा रहा. सुबह होते है छोटे वाहनों मे युवाओं की टोली पहाड़ी नदियों के किनारे अवस्थित इन पिकनिक स्पॉट पर निकल पड़े. ये इलाके प्राकृतिक सौंदर्य को अपने में समेटे हुए हैं. यहां की वादियां लोगों को खूब आकृष्ट करती है.
दरअसल बड़े-बड़े चट्टानों का ओट पिकनिक मनाने वालों को एकांत की अनुभूति देते हुए ग्रुप को भीड़ से अलग करता है साथ ही पानी व लकड़ी की उपलब्धता भी रहती है. इसके अलावे वाहन की पहुंच सुगमता से है. इन सभी कारणों से भी लोग पिकनिक के लिए यहां आना पसंद करते है.नववर्ष पर पिकनिक को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पिकनिक स्पाट पर पुलिस की कड़ी निगरानी थी. जगह-जगह वाहन चेकिग किए जा रहे थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
