किशनगंज उत्तर-बिहार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया . यह शिविर मां जानकी स्वास्थ्य सेवा यात्रा के अंतर्गत रविवार को किशनगंज के मोतीबाग स्थित काली मंदिर प्रांगण में किया गया . शिविर में सैकड़ों मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया . शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गई. कार्यक्रम में संघ के जिला सह संघ चालक अमर चंद्र यादव, जिला सह-कार्यवाह संजय कृष्ण, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री संजय सिंह, दिलीप यादव, कैलाश झा, अमित जायसवाल, शंकर प्रसाद साह, संतोष कुमार, नगर संघचालक विजय एवं सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य नागेंद्र तिवारी ने भी सक्रिय भूमिका में योगदान दिया. उल्लेखनीय है कि मां जानकी की पावन भूमि मिथिला क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमावर्ती जिलों को केंद्र में रखते हुए 11व 12 अप्रैल को 5वीं मां जानकी स्वास्थ्य सेवा यात्रा के तहत व्यापक स्तर पर चिकित्सा शिविरों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस अभियान के अंतर्गत पश्चिमी चम्पारण, पूर्वी चम्पारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया एवं किशनगंज सहित कई जिलों में सैकड़ों स्वास्थ्य शिविर लगाए गए. जिले में इस दौरान कुल 13 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जिनमें मोतीबाग काली मंदिर परिसर का शिविर प्रमुख रहा. इस अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक अत्यंत उपयोगी और सराहनीय कदम बताया.
दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों मरीज हुए लाभान्वित
उत्तर-बिहार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया
