किशनगंज जिले के दिघलबैंक पुराना मार्केट स्थित मैदान में आयोजित यज्ञ स्थल से चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़ लिया गया. उसके साथ कुछ लोगों ने मारपीट भी की. इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. हालाकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है. घटना की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चार व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया. चारो आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी सागर कुमार ने करते हुए बताया कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा . दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि गुवाबाड़ी निवासी शौकत अली को चोरी करने के आरोप में स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है. मामले को गंभीरता से लेते दिघलबैंक थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मुक्त कराते हुए तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया. इस मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है व उनके विरुद्ध गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी है. बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच पुलिस कर रही है. वर्तमान में क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूर्णतः सामान्य एवं नियंत्रण में है. किशनगंज पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर असत्य या भ्रामक जानकारी साझा न करें तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
