बाजार की मुख्य सड़क पर जल जमाव, परेशानी

ल्की बारिश के बाद यहाँ जलजमाव जैसी स्थिति हो जाती है.

पौआखाली ठाकुरगंज प्रखंड के सुखानी थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा सड़क को जोड़ने वाली एनएच-327 ईo साबोडांगी चौक से कादोगांव बाजार की महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है. सीमावर्ती कादोगांव बाजार होकर गुजरने वाली यह सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ गई है. कादोगांव बाजार के मुख्य केंद्र पर स्थिति उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय और भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के ठीक सामने सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं. हल्की बारिश के बाद यहाँ जलजमाव जैसी स्थिति हो जाती है. विद्यालय आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनमें संक्रमित बीमारियों का खतरा और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. वहीं स्टेट बैंक आने वाले ग्राहकों को कीचड़ और जलजमाव के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं. इसके अलावे यह सड़क भारत-नेपाल सीमा सड़क को जोड़ती है, इसलिए सामरिक और व्यापारिक दृष्टिकोण से भी इसका महत्व अधिक है. स्थानीय ग्रामीण परेश कुमार सिंह, सोनी वर्मा, अनूप गोस्वामी, सुरेश कुमार सिंह, रोहित कुमार आदि का कहना है कि जब भी बारिश होती है सड़क पे जलजमाव की समस्या बनी रहती है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बरसात के दिनों में सड़क पर जमा गंदा पानी आसपास के घरों और दुकानों के सामने जमा हो जाती है. सड़क कई जगहों पर खराब है, खासकर स्कूल और बैंक के सामने सड़क पर जलजमाव प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाता है. ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराई जाए और कादोगांव बाजार में जल निकासी के लिए नाले का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >