प्रतिनिधि, किशनगंज किशनगंज पुलिस ने मोटरसाईकिल चोरी में संलिप्त गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की मोटरसाईकिल के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. दरअसल किशनगंज पुलिस ने जिले में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चला रही है जिसके तहत इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने कुख्यात अपराधी नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान और उसके साथी लाल मोहम्मद को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है. शहर के एनएच सर्विस रोड पर हाइवे होटल के पास यह कारवाही की गयी. मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में डीआईयू को तकनीकी और गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज का कुख्यात अपराधी नितिश कुमार किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से चोरी की मोटरसाइकिल पर जा रहा है. सूचना मिलते ही डीआईयू टीम और किशनगंज थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की. कार्रवाई में नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान और लाल मोहम्मद को दबोचा गया. उनके कब्जे से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल नंबर बीआर 37एए 8533 बरामद हुई. पकड़ा गया आरोपित नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान पर मोटरसाइकिल चोरी, लूट, छिनैती, हत्या का प्रयास, मादक पदार्थ और मारपीट के आठ से अधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अन्य मामलों की जांच भी कर रही है और गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है.
चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो धराये
शहर के एनएच सर्विस रोड पर हाइवे होटल के पास यह कारवाही की गयी.
